
रीवा, मऊगंज में चोरों ने सिर्फ 30 बकरा-बकरियां चोरी नहीं कीं, बल्कि एक पिता की वर्षों की मेहनत, उसकी उम्मीदों और बेटी की शादी के सपनों पर डाका डाल दिया. चोरी गए मवेशियों की कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. मामला नईगढ़ी थाना क्षेत्र के बंधवा कोठार गांव का है. यहां रहने वाले संतोष कुमार जायसवाल के बाड़े में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया.
चोर बाड़े में बंधी सभी 30 बकरा-बकरियों को खोलकर अपने साथ ले गए. सुबह जब संतोष जायसवाल की नींद खुली और वह मवेशियों के पास पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. बाड़े में सेंध लगी थी और सभी मवेशी गायब थे. आसपास काफी तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पीडि़त ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी और नईगढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई. दुख की बात यह है कि संतोष जायसवाल की बेटी की शादी आगामी अप्रैल महीने में होनी है. बेटी के विवाह का खर्च जुटाने के लिए उन्होंने लंबे समय से मेहनत करके इन बकरा-बकरियों को पाला था. उनकी उम्मीद थी कि शादी के समय इन मवेशियों को बेचकर मिलने वाली रकम से बेटी के विवाह की तैयारियां पूरी करेंगे. लेकिन चोरों ने एक ही रात में उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. घटना की सूचना मिलते ही नईगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. थाना प्रभारी अनिल काकडे के मुताबिक पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश में विवेचना जारी है.
