
पन्ना, पन्ना वन परिक्षेत्र की बीट मनकी में गुरुवार को एक बाघिन का शव मिला है। घटना वन भूमि कक्ष क्रमांक पी-390 में सामने आई है। शुरुआती जांच में क्लच वायर का फंदा लगाए जाने से बाघिन की मौत होने की बात सामने आई है। उत्तर पन्ना सामान्य वनमंडल के वनमंडलाधिकारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह के अनुसार, बाघिन के गले में घाव का निशान मिला है, हालांकि उसके शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण नई दिल्ली और कार्यालय मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश, भोपाल को सूचना दी गई। जारी दिशा-निर्देशों के तहत वन अमले ने घटनास्थल को सुरक्षित कर डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के क्षेत्र में सघन छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल मौके से कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फंदा कहां लगाया गया था। फिलहाल अभी आरोपी का सुराग नहीं लग सका है, लेकिन क्षेत्र के संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। जांच अधिकारी नियुक्त कर एनटीसीए की मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। कल शुक्रवार को भी डॉग स्क्वाड के जरिए घटनास्थल और आसपास तलाशी ली जाएगी। इसके बाद विशेषज्ञ वन्यजीव चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मुख्य वन संरक्षक छतरपुर की मौजूदगी में बाघिन का शवदाह किया जाएगा।
