राजा भैया का बड़ा सियासी दांव, 2027 के लिए तीन सीटों पर उतारे प्रत्याशी; खुद कुंडा से लड़ेंगे चुनाव

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने बड़ा राजनीतिक दांव चलते हुए तीन विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है।

पार्टी की ओर से घोषित सूची के मुताबिक, कुंडा विधानसभा सीट से राजा भैया खुद चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं बाबागंज से मौजूदा विधायक विनोद सरोज और विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है।

तीन सीटों पर ये होंगे प्रत्याशी

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की पहली सूची में शामिल नाम इस प्रकार हैं—

1. कुंडा (246) – रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया

2. बाबागंज (245) – विनोद सरोज

3. विश्वनाथगंज (247) – कुलदीप पटेल

आठवीं बार चुनावी मैदान में उतरेंगे राजा भैया

राजा भैया कुंडा विधानसभा सीट से लगातार सात चुनाव जीत चुके हैं। अब 2027 में वह आठवीं बार इसी सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। 1993 में पहली बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा पहुंचे राजा भैया ने 2018 में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का गठन किया था। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपनी पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज की थी।

बाबागंज और विश्वनाथगंज पर भी नजर

बाबागंज से विनोद सरोज को दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है। वह इस सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं। वहीं विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को मैदान में उतारकर जनसत्ता दल ने प्रतापगढ़ की एक और अहम सीट पर अपनी दावेदारी पेश कर दी है। कुलदीप पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष माधुरी पटेल के पति हैं।

गठबंधन की चर्चाओं के बीच प्रत्याशियों का ऐलान

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और जनसत्ता दल के बीच संभावित राजनीतिक तालमेल को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे समय में तीन सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा को राजा भैया की चुनावी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

Next Post

घर ढहा, जिंदगी बिखरी… मलबे से जिंदगी बटोर रहे परिवार 

Thu Nov 26 , 2026
भोपाल। ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में करीब 599 जर्जर मकानों को तोड़ने की कार्रवाई के बाद सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं। कई लोग मलबे के बीच अपना सामान व ईंट-सरिया तलाश रहे हैं, जबकि कई परिवार अस्थायी झोपड़ियों, किराए के कमरों या खुले स्थानों में रहने को मजबूर हैं। […]

You May Like

मनोरंजन