
उज्जैन। महाकाल मंदिर में बुधवार को कई वीआईपी सेलिब्रिटी दर्शन करने पहुंचे। फिल्म अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने सुबह दर्शन किए तो इसके पहले भस्मारती में क्रिकेटर नितीश राणा सहित अन्य खिलाडिय़ों ने दर्शन किए। प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर भी आशीर्वाद लेने पहुंची। अभिनेता ओबेरॉय के साथ मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा भी आए थे। वे दोपहर करीब 12 बजे मंदिर पहुंचे और जल द्वार से प्रवेश कर गर्भगृह के बाहर खड़े होकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद नंदी हॉल में बैठकर कुछ देर ध्यान लगाया। पुजारी प्रदीप गुरु ने उनका पूजन कराया। विवेक ओबेरॉय ने कहा कि उन्होंने फिल्म रामायण के लिए जो फीस ली थी उसे गरीब बच्चों को दान कर दिया। क्योंकि वह रामजी की फिल्म है, इसलिए मन करा कि इसके उन्हें पैसे नहीं लेने चाहिए। भस्मारती में भारतीय क्रिकेटर नीतीश राणा के साथ खिलाड़ी युजवेंद्र चहल, राहुल तेवतिया, सुमित कुमार और अमित कुमार भी शामिल हुए। प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर भी भगवान महाकाल के दर्शन करने आई। उन्होंने बाबा रामदेव और पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच चल रही बयानबाजी को लेकर कहा कि हिंदू संतों के आश्रम रहने लायक नहीं है तो क्या मदरसे है।
