
इंदौर. आजाद नगर क्षेत्र में सिग्नेचर हाइट्स के पास मिले अधजले शव की पहचान एरोड्रम क्षेत्र में रहने वाले विनय सोलंकी के रूप में हुई है. सिर में लगी सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से पुलिस मृतक तक पहुंची. जांच में सामने आया कि पत्नी से दोस्ती के शक में उसके दोस्त अजय ने गला घोंटकर हत्या की थी. वारदात के बाद आरोपी शव को ई-रिक्शा में रखकर कई घंटों तक शहर में घूमता रहा और फिर सुनसान जगह ले जाकर जला दिया.
पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के सिर में सर्जिकल प्लेट मिली थी. उसके सीरियल नंबर के आधार पर अस्पतालों का रिकॉर्ड खंगालने पर अरबिंदो अस्पताल से जानकारी मिली कि वर्ष 2025 में सिर की सर्जरी के दौरान यह प्लेट एरोड्रम क्षेत्र निवासी विनय उर्फ विनायक उर्फ वीनू पिता जगदीश सोलंकी के सिर में लगाई गई थी. एरोड्रम थाने में दर्ज गुमशुदगी से भी इसकी पुष्टि हुई. ई रिक्शा चलाने वाला विनय 21 नवंबर की रात से लापता था. उसके पिता ने 22 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी. पुलिस ने कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर विनय के तीन दोस्तों को हिरासत में लिया. पूछताछ में अजय ने बताया कि उसे पत्नी और विनय की दोस्ती पर शक था. इसी रंजिश में उसने पहले विनय को गांजा पिलाया और फिर घर में कंबल से गला घोंटकर हत्या कर दी. शव को कंबल में लपेटकर ई-रिक्शा से शहर में घूमने के बाद आरआई 2 क्षेत्र में सुनसान जगह पर आग लगा दी, इसके बाद वह घर जाकर सो गया. आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश भदौरिया ने बताया कि सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से पहचान होने के बाद कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर हत्याकांड का खुलासा किया, मामले में आगे की जांच की जा रही है. शाम तक पुलिस मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है.
