ग्वालियर में जुटेंगे देशभर के स्वास्थ्य विशेषज्ञ

ग्वालियर: जयारोग्य चिकित्सा महाविद्यालय, ग्वालियर के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के तत्वावधान में आगामी 26 से 28 नवंबर तक 12वीं साउथ सेंट्रल जोन इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में देशभर के विभिन्न राज्यों से 400 से अधिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, चिकित्सक, शिक्षक, नीति निर्माता, शोधार्थी और स्नातकोत्तर छात्र सहभागिता करेंगे।
सम्मेलन का मुख्य थीम बदलते भारत के लिए जनस्वास्थ्य में नीति, व्यवहार और जन-भागीदारी का एकीकरण रखा गया है। तीन दिवसीय इस आयोजन में जनस्वास्थ्य से जुड़े समसामयिक और गंभीर विषयों पर गहन मंथन, पैनल चर्चा और शोध पत्रों की प्रस्तुति होगी। प्रमुख वैज्ञानिक उप-विषयों में टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य, संचारी एवं गैर-संचारी रोग, डिजिटल हेल्थ और डेटा संरक्षण, जलवायु परिवर्तन का स्वास्थ्य पर प्रभाव, वन हेल्थ, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण एवं खाद्य सुरक्षा तथा नशा स्वास्थ्य शामिल हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाओं से होगा। 27 नवंबर को दोपहर 12 बजे उद्घाटन सत्र होगा। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर शामिल होंगे। अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल करेंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज प्रसाद एवं आयोजन सचिव डॉ. अवधेश दिवाकर ने व डॉक्टर अक्षत पाठक ने पत्रकारवार्ता के दौरान बताया कि सम्मेलन में आईएपीएसएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अतुल कोठारी, भावी अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार, निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अशोक भारद्वाज, महासचिव डॉ. आर. कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र मिश्रा सहित संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व की उपस्थिति रहेगी।
सम्मेलन सचिव डॉ. आलोक सक्सेना ने बताया कि आयोजन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक, संतोषी पांडे, चिकित्सा शिक्षा संचालक डॉ. अर्पणा कुमार तथा जीआरएमसी के अधिष्ठाता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आर.एस. गुर्जर का मार्गदर्शन मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार 1946 में स्थापित प्रदेश के प्रथम चिकित्सा महाविद्यालय जयारोग्य का यह सम्मेलन स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में नई दिशा तय करेगा। सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह और विभिन्न समितियों के संयोजकों की भागीदारी भी रहेगी।

Next Post

अज्ञात व्यक्ति का शव पहचान न होने पर दफनाया गया

Wed Nov 25 , 2026
सीधी।थाना चुरहट अंतर्गत ग्राम हार्दिहा के माइनर नहर में एक अज्ञात व्यक्ति के मिले शव की पहचान न होने से आज पुलिस ने दफन करा दिया। सोमवार दिनांक 23 नवंबर 2026 को माइनर नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में […]

You May Like