सीहोर। शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. अब बदमाश पुलिसकर्मी बनकर महिलाओं को निशाना बना रहे हैं. मंगलवार शाम 4.30 बजे कोलीपुरा स्थित मैरिज गार्डन के पास आटो से उतरी एक महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने नकली पुलिसकर्मी बनकर रोका और चेन स्नेचिंग की घटनाएं बढऩे का हवाला देते हुए जेवर उतारकर पर्स में रखने की सलाह दी. महिला जैसे ही अपने गले की सोने की चेन और कान के झुमके उतारकर पर्स में रखने लगी, बदमाश झपट्टा मारकर दोनों जेवर लेकर फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार नेहरू कॉलोनी निवासी भारती गंगवार पत्नी अखिलेश गंगवार मंगलवार शाम लगभग 4.30 बजे कोलीपुरा के समीप स्थित मैरिज गार्डन जा रही थीं. वह जैसे ही ऑटो से उतरीं इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे. खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्होंने महिला को रोक लिया और कहा कि क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की वारदातें बढ़ रही हैं, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से अपने जेवर उतारकर पर्स में रख लें. बदमाशों की बातों में आकर महिला ने जैसे ही गले की सोने की चेन और कान के झुमके उतारे और पर्स खोलकर रखने लगीं, तभी दोनों बदमाशों ने झपट्टा मारकर जेवर छीन लिए और बाइक से इंदौर नाके की ओर भाग निकले. घटना के बाद महिला ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर जेवर लूटने की यह पहली घटना नहीं है. गत 6 नवंबर को इंग्लिशपुरा क्षेत्र में घर के बाहर रंगोली बना रही एक महिला के गले से भी बदमाश सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे. इस वारदात में शामिल आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. ऐसे में दूसरी वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और बदमाशों के बढ़ते हौसलों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
