10वीं-12वीं की फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं

इंदौर: माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की मुख्य एवं द्वितीय परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है. इसके अनुसार, कक्षा 10वीं की मुख्य परीक्षा 24 फरवरी और 12वीं की 17 फरवरी से शुरू होगी.
दोनों परीक्षाओं का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक रहेगा. वहीं, द्वितीय परीक्षा जून में आयोजित की जाएगी. मंडल सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य ने 13 अगस्त 2026 को जारी आदेश में सभी स्कूलों के प्राचार्यों को परीक्षा कार्यक्रम नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने के निर्देश दिए हैं. विद्यार्थी टाइम टेबल मंडल की वेबसाइट एमपीबीएसई.एनआईसी.इन पर भी देख सकते हैं।

10वीं की मुख्य परीक्षा 24 फरवरी से
हाईस्कूल की मुख्य परीक्षा 24 फरवरी को मराठी, गुजराती, पंजाबी और सिंधी विषयों से शुरू होगी. 25 फरवरी को मूक-बधिर एवं दृष्टिहीन विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, गायन-वादन, तबला-पखावज और कंप्यूटर की परीक्षा होगी। 27 फरवरी को एनएसक्यूएफ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के पेपर होंगे। इसके बाद 2 मार्च को उर्दू, 5 मार्च को हिंदी, 9 मार्च को गणित (स्टैंडर्ड एवं बेसिक), 12 मार्च को अंग्रेजी, 15 मार्च को संस्कृत और 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी।

12वीं की मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से
हायर सेकंडरी की मुख्य परीक्षा 17 फरवरी को बायोटेक्नोलॉजी, गायन-वादन और तबला-पखावज विषयों से शुरू होगी. 18 फरवरी को उर्दू एवं मराठी, 20 फरवरी को संस्कृत और 22 फरवरी को एनएसक्यूएफ, शारीरिक शिक्षा एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी. 23 फरवरी को हिंदी, 24 फरवरी को ड्राइंग एंड डिजाइनिंग, 25 फरवरी को मनोविज्ञान और 26 फरवरी को अंग्रेजी का पेपर होगा. मार्च में 1 तारीख को इन्फॉर्मेटिक प्रैक्टिसेस, 3 मार्च को समाजशास्त्र, 4 मार्च को भौतिक शास्त्र, अर्थशास्त्र सहित अन्य विषयों, 8 मार्च को जीव विज्ञान, 11 मार्च को राजनीति शास्त्र और 13 मार्च को रसायन शास्त्र, इतिहास एवं व्यवसाय अध्ययन सहित अन्य विषयों की परीक्षा होगी. 16 मार्च को गणित, 17 मार्च को कृषि, होम साइंस और अकाउंटेंसी तथा 19 मार्च को भूगोल सहित अन्य विषयों के पेपर के साथ मुख्य परीक्षा समाप्त होगी.

जून में होगी द्वितीय परीक्षा
मंडल के कार्यक्रम के अनुसार 10वीं की द्वितीय परीक्षा 15 से 30 जून तक होगी. इसकी शुरुआत 15 जून को अंग्रेजी के पेपर से होगी। 18 जून को गणित (स्टैंडर्ड एवं बेसिक), 19 जून को उर्दू, 21 जून को मराठी, गुजराती, पंजाबी, सिंधी और दिव्यांग विद्यार्थियों के निर्धारित विषयों की परीक्षा होगी. 23 जून को एनएसक्यूएफ एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 24 जून को संस्कृत, 26 जून को विज्ञान, 28 जून को हिंदी और 30 जून को सामाजिक विज्ञान का पेपर होगा. वहीं, 12वीं की द्वितीय परीक्षा 11 से 26 जून तक आयोजित होगी। 11 जून को इन्फॉर्मेटिक प्रैक्टिसेस, 12 जून को कृषि, होम साइंस एवं अकाउंटेंसी, 14 जून को भौतिक शास्त्र, अर्थशास्त्र सहित अन्य विषय, 15 जून को समाजशास्त्र और 16 जून को रसायन शास्त्र, इतिहास एवं व्यवसाय अध्ययन सहित अन्य विषयों की परीक्षा होगी। इसके बाद 18 जून को राजनीति शास्त्र, 19 जून को अंग्रेजी, 21 जून को जीव विज्ञान, 22 जून को एनएसक्यूएफ, शारीरिक शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं गणित, 23 जून को मनोविज्ञान, 24 जून को उर्दू एवं मराठी, 25 जून को हिंदी और 26 जून को संस्कृत की परीक्षा होगी.

सुबह 8 बजे तक पहुंचना होगा केंद्र
मंडल ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र और 8:30 बजे तक परीक्षा कक्ष में उपस्थित होना अनिवार्य होगा. सुबह 8.45 बजे के बाद किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. प्रश्नपत्र सुबह 8:45 बजे और उत्तरपुस्तिका 8.55 बजे दी जाएगी.

अवकाश में भी होंगी परीक्षाएं
परीक्षा अवधि में शासन द्वारा सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने पर भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी. नियमित, स्वाध्यायी, दृष्टिहीन और मूक-बधिर दिव्यांग विद्यार्थियों की परीक्षाएं समान तिथि और समय पर आयोजित की जाएंगी. मुख्य परीक्षा की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 फरवरी से 19 मार्च तक और द्वितीय परीक्षा की प्रायोगिक परीक्षाएं 11 से 30 जून 2027 के बीच होंगी. इनकी तिथि और समय की जानकारी संबंधित स्कूल के प्राचार्य या परीक्षा केंद्राध्यक्ष से मिलेगी. जरूरत पड़ने पर प्रायोगिक परीक्षाएं अवकाश के दिनों में भी आयोजित की जा सकेंगी. मंडल ने आवश्यकता के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव का अधिकार भी सुरक्षित रखा है.

Next Post

कबाड़ गोदाम में लगी आग पर पाया काबू, कोई जनहानि नहीं

Wed Nov 25 , 2026
इंदौर:इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर बेटमा गुरुद्वारे के पास मंगलवार शाम कबाड़ के एक गोदाम में आग लग गई. गोदाम में बड़ी मात्रा में रबर, प्लास्टिक और औद्योगिक वेस्ट मटेरियल रखा होने से आग तेजी से फैल गई. कुछ ही देर में आसमान में काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा. सूचना […]

You May Like