सीमेंट-सरिया एजेंसी के नाम पर 45 लाख की साइबर ठगी: बिका 20 बीघा खेत, गिरवी हुआ हाईवे का मकान

अशोकनगर। बहादुरपर थाना क्षेत्र के सुमेर गांव से साइबर ठगी का ऐसा मामला सामने आया है जिसकी संभवतया कोई दूसरी मिसाल नहीं है। इस मामले में एक किसान साइबर ठगों के जाल में कुछ इस तरह उलझा कि उसने बीस बीघा का खेत बेच दिया और जब इससे भी साइबर ठगों का पेट नहीं भरा तो किसान ने नेशनल हाइवे से लगकर बना पक्का मकान तक गिरवी रख दिया। किसान ठगों के जाल में पूरे नौ माह तक उलझा रहा, जब तक उसे ठगी का एहसास हुआ तब तक 3 छोटे छोटे बच्चों समेत 9 सदस्यों का परिवार सड़क पर आ चुका था। अब किसान के सामने भूखे मरने की नौबत आ गई है और पूरा परिवार तबाह हो चुका।

दरअसल, सुमेर के संपन्न किसान अवतार सिंह के बेटे अमित ने एक दिन गूगल पर सर्च कर सीमेंट सरिया की एजेंसी लेने के लिए प्रयास किया। उसका यह प्रयास साइबर ठगों की निगाह पर आ गया, जिन्होंने अल्ट्राटेक सीमेंट की एजेंसी देने के नाम पर किसान को ठगने का जाल बुन लिया। किसान इस जाल में कुछ इस तरह फंसा कि उसने दस फरवरी 2026 से लेकर 16 मार्च 2026 तक ठगों के बैंक खातों एवं मोबाइल नंबरों पर 45 लाख रुपए डाल दिए। यह रकम किसान ने बीस बीघा जमीन बेचकर जुटाई थी।

सर पर था कर्ज, चुकाने की आस में उठाया आत्मघाती कदम

किसान अमित ने बताया कि उनके परिवार पर कुछेक लाख रुपए का कर्ज था। मकान नेशनल हाइवे के किनारे बना हुआ है, जमीन भी नेशनल हाईवे के नजदीक है। ऐसे में उसने एक दो बीघा जमीन बेचकर कर्जा चुकाने और भवन निर्माण सामग्री की दुकान खोलने का मन बनाया। इसके तहत उसने सबसे पहले पांच बीघा का एक खेत बेचा और कर्ज चुकाकर दुकान खोलने का प्लान तैयार कर लिया। अमित ने 8 फरवरी को गूगल पर सीमेंट की एजेंसी लेने का तरीका देखा तो वह ठगों की निगाह में आ गया। ठगों ने उसे नीमच स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री का फर्जी लेटर भेजा और धीरे धीरे कर के उससे पैसे ऐंठते गए। सबसे पहले ठगों ने एजेंसी दिलाने, माल उठाने के नाम पर किसान को ठगा, इसके बाद कभी ट्रक पास न होने, कभी ट्रक ओवरलोड के नाम पर पकड़े जाने तो कभी जीएसटी चोरी के नाम पर उन्होंने किसान को चूना लगाया।

बिखर गया परिवार, बेघर भी हुए

अमित के पिता अवतार सिंह ने रोते हुए बताया कि इस ठगी में उलझ कर उनका पूरा परिवार बिखर गया है। दोनों बेटे अंकित और अमित की पत्नियां मायके में हैं। छोटे छोटे बच्चे पिता से दूर रहकर इस यातना को झेल रहे हैं। उन्होंने बताया कि ठगों ने ट्रक पुलिस द्वारा पकड़े जाने की बात कहकर और एफआईआर जेल में डालने की धमकी देकर उन्हें इतना परेशान किया कि ठगों को रकम भेजने के लिए उन्होंने अपना पुश्तैनी घर तक गिरवी रख दिया और अब किराए के घरों में गुजर बसर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस ठगी के बाद उनका परिवार मौत की कगार पर है।

बहादुरपुर पुलिस ने दर्ज किया मामला

अमित की शिकायत पर बहादुरपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध 45 लाख रुपए की ठगी का मामला दर्ज किया है। इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 4 लगाई गई है। इस शिकायती आवेदन में पीड़ित ने करीब 22 लाख रूपये की बैंक जमा रसीदें भी संलग्न की हैं, जिनके अनुसार 10 फरवरी 2026 को 2 लाख 79 हजार रुपये, 6 मार्च को 1 लाख 25 हजार रुपये, 11 मार्च को 7 लाख 75 हजार रुपये, 12 मार्च को 2 लाख 50 हजार रुपये, 16 मार्च को 2 लाख 79 हजार रुपये चेक व बैंक खातों के माध्यम से लिए।

गूगल से मिला था नंबर

पीड़ित अमित राजपूत ने आवेदन में बताया कि उसे गूगल पर सर्च करने के दौरान सीमेंट एजेंसी का मोबाइल नंबर 6370297401 मिला। इस नंबर पर बात करने वाले व्यक्तियों ने अपना नाम हेमंत कुमार और पंकज कुमार, विक्रम फैक्ट्री नीमच का एजेंट बताया। दोनों ने अल्ट्राटेक सीमेंट का एजेंट बताकर एजेंसी दिलाने का भरोसा दिलाया। करीब 6 माह तक बातचीत चलती रही और आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में अलग-अलग बैंक खातों में रुपये डलवा लिए। इसके अलावा फोन-पे के जरिए राजकुमार पटेल, रोहित कुमार, सकल कुमार, श्रुति रानी वर्मा, रीना मुखी और प्रिंस कुमार नाम की अलग-अलग UPI आईडी पर 15 हजार से 70 हजार की कई किश्तों में कुल 5 लाख 30 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। अब तक न तो एजेंसी मिली और न ही पैसे वापस किए गए, आरोपी का मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है।

.....

Next Post

लखनऊ में गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव में शामिल हुए CM योगी आदित्यनाथ

Tue Nov 24 , 2026
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने गुरु नानक देव जी को नमन किया और उनके जीवन, शिक्षाओं तथा मानवता के संदेश को स्मरण किया। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like