जावर। पुलिस ने चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों से चोरी किया गया कॉपर केबल और मशीन डिस्प्ले बरामद किया है. दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जारी है.
एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से चोरी के तीन प्रकरणों का खुलासा किया. पुलिस ने कृष्णपाल उर्फ कल्लू निवासी ग्वाला और विनोद निवासी पीपलिया सलारसी को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना जावर में दर्ज तीन अलग-अलग अपराधों की जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता सामने आई. गिरफ्तार आरोपियों से चोरी का सामान बरामद किया गया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों से चोरी की संपत्ति की बरामदगी शेष है. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्याम कुमार सूर्यवंशी सहित थाना पुलिस और साइबर सेल के अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका रही. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
