नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास सोमवार दोपहर एक ATM बूथ में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से बूथ में लगी तीन ATM मशीनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इनमें एक मशीन यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और दो बैंक ऑफ बड़ौदा की थीं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
आग बुझने के बाद बैंक और कैश मैनेजमेंट से जुड़े कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त ATM मशीनों को खोलकर उनमें मौजूद नकदी निकालने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान भी तैनात रहे। एहतियात के तौर पर बूथ और आसपास के इलाके में घेराबंदी की गई।
फिलहाल ATM मशीनों में मौजूद नकदी और सुरक्षित निकाली गई रकम का आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है। आग लगने के कारणों और मशीनों को हुए नुकसान की जांच की जा रही है।
