विदिशा। मंडी बामोरा के देवली–मंडी बामोरा मार्ग पर करबी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली के नीचे लटक रहे तारों की चपेट में आ गई। तारों के संपर्क में आते ही ट्रॉली में भरी करबी में आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, मोदनखेड़ी गांव का एक किसान करबी की फसल बेचने मंडी बामोरा जा रहा था। इसी दौरान संजय कॉलोनी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास सड़क पर नीचे लटक रहे बिजली के तार ट्रॉली में भरी करबी से टकरा गए। इससे आग भड़क उठी।
चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर को आगे बढ़ाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर को ट्रॉली से अलग किया गया और दूसरे वाहन की सहायता से जलती ट्रॉली को सुरक्षित स्थान पर निकाला गया। घटना देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इस घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटक रहे हैं और शिकायतों के बावजूद उन्हें ठीक नहीं किया गया।
वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली में करबी जैसी फसल को अधिक ऊंचाई तक भरकर ले जाना भी जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में बिजली विभाग की ओर से तारों की उचित ऊंचाई बनाए रखने के साथ वाहन चालकों को भी लोड और ऊंचाई संबंधी सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना जरूरी है।
हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। अब सवाल है कि बिजली विभाग इन खतरनाक तारों को कब दुरुस्त करेगा और ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन कब सुनिश्चित होगा।
