नर्मदा जल पर झाबुआ कांग्रेस-भाजपा में घमासान

मालवा- निमाड़ की डायरी
संजय व्यास इन दिनों झाबुआ में नर्मदा पानी को लेकर कांग्रेस- भाजपा में घमासान मचा है. हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले के सरदारपुर में नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया. इस परियोजना से धार एवं झाबुआ जिले के 260 गांवों की कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई है. कांग्रेस ने लोकार्पण के बाद से इसे मुद्दा बना लिया है. झाबुआ विधायक व आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने झाबुआ जिले मात्र 6 गांवों में नर्मदा जल आने की बात कहते हुए भाजपा सरकार पर उनके क्षेत्र के साथ भेदभाव का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि झाबुआ के नाम पर पड़ोस के जिले आलीराजपुर के गांवों को परियोजना में शामिल कर लिया गया. इसे लेकर वे विगत दिनों राणापुर से झाबुआ तक पदयात्रा पर भी निकले और क्षेत्रवासियों को उनके साथ अन्याय किए जाने से अवगत कराते हुए जब तक क्षेत्र में नर्मदा जल नहीं तब तक आंदोलन से जुडऩे के लिए उकसाया. वहीं भाजपा ने विक्रांत की नर्मदा जल को लेकर की हई पदयात्रा को नोटंकी करार दिया. भाजपा जिला अध्यक्ष भानू भूरिया ने विक्रांत पर जनता को बरगलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे तथ्यों से विपरीत गलत नरेटिव सेट कर रहे हैं. अभी तो लोकार्पण हुआ है और योजना की पूर्णता प्रगति की ओर है.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है. जिलेभर में जिला प्रशासन के अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर जनविश्वास शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा उनका निराकरण भी किया जा रहा है. विक्रांत भूरिया केवल अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए इस तरह की पदयात्रा कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे है. भाजपा सरकार नर्मदा माइक्रो उद्वहन सिंचाई योजना के माध्यम से गांव-गांव तक नर्मदा का जल पहुंचाने के लिए प्रयासरत है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी स्पष्ट किया है कि जिन गांवों को वर्तमान पाइपलाइन से नहीं जोड़ा जा सका है, उन्हें भी योजना से जोडऩे का काम किया जाएगा. इसके लिए अलग से कार्ययोजना तैयार की जा रही है.

सिंघार के कार्यक्रम से भूरिया परिवार की दूरी

आगामी पंचायत-निकाय व विधान सभा चुनाव में सफलता के आंकड़े बढ़ाने की मशक्कत कर रही कांग्रेस अपनी सबसे बड़ी समस्या गुटबाजी के खात्मे और एकजूटता के प्रयत्न में लगी है. लेकिन समय-समय पर यह एकजुटता की बातें धरी रह जाती है. अंचल में उसके दो बड़े आदिवासी चेहरे हैं. विधान सभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और राष्ट्रीय आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया. बीते शनिवार उमंग सिंघार कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने पलायन, रोजगार, किसान समस्या के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरने झाबुआ पहुंचे थे. मुद्दे संवेदनशील थे, एकजुटता नदारद थी. अपने गृह जिले में आयोजित सम्मेलन से ही विक्रांत भूरिया ने दूरी बनाए रखी. न वे कार्यक्रम में पहुंचे न वरिष्ठ कांग्रेस नेता कांतिलाल भूरिया दिखाई दिए, जबकि पूर्व विधायक जेवियर मेड़ा सहित करीब सारे नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की. अब क्षेत्रवासियों के बीच उनकी अनुपस्थिति चर्चा का विषय बन गया है.

क्या कांग्रेसी ही हरवाते हैं कांग्रेस को!

खंडवा जिले की मंधाता विधान सभा सीट से कांग्रेस विधायक रहे राजनारायण सिंह पुरनी के एक वीडियो ने नई बहस को हवा दे दी है कि कांग्रेस को कांग्रेसी ही हरवाते है. पूर्व विधायक राजनारायण सिंह पुरनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. वीडियो में वह पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह से टिकट को लेकर साफ शब्दों में अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं. राजनारायण सिंह कहते सुनाई दे रहे हैं कि इस बार उनका टिकट फाइनल करवा दिया जाए, नहीं तो वे कांग्रेस को चुनाव हरवा देंगे. बताया जा रहा है कि जयवर्धन सिंह खंडवा जिले के दौरे पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे, इसी दौरान यह बातचीत हुई. हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के समय की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसे पुराना 2013 का बताया जा रहा है.

 

.....

Next Post

हार्दिहा के माइनर नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, दफनाया गया

Tue Nov 24 , 2026
सीधी ।थाना चुरहट के अंतर्गत ग्राम हार्दिहा में सोमवार दिनांक 23 नवंबर 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति का शव माइनर नहर में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। थाना चुरहट में मर्ग क्र. 74/2026 धारा […]

You May Like