ग्वालियर। सिख धर्म के प्रथम गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मंगलवार को शहर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर फूलबाग स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक देव को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है। प्रकाश पर्व पर पूरा गुरुद्वारा रोशनी से जगमगा रहा है। यहां सोमवार शाम से ही धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया था। देर रात तक सजे कीर्तन दरबार में रागियों ने गुरुवाणी के माध्यम से गुरु नानक देव की महिमा का गुणगान किया।
मंगलवार को भी गुरुद्वारे में दिनभर धार्मिक आयोजन हो रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में सिख संगत शामिल हो रही है। प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार सुबह 8 बजे अखंड पाठ साहिब का भोग पड़ेगा। इसके बाद सुबह 9 बजे से विशेष कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। इसमें दरबार साहिब तरन तारण से आए हजूरी रागी भाई लवदीप सिंह अपनी संगत के साथ गुरुवाणी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। वहीं, अमृतसर से पहुंचे कथा वाचक ज्ञानी मुख्तार सिंह गुरु नानक देव के जीवन, उनके उपदेशों और मानवता के संदेश पर प्रकाश डालेंगे।
धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद गुरु का अटूट लंगर आरंभ होगा, जिसमें संगत एक साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण करेगी। फूलबाग गुरुद्वारे में प्रकाश पर्व के लंगर की एक खास परंपरा भी देखने को मिल रही है। इसमें सिख संगत के लोग अपने-अपने घरों से रोटियां बनाकर गुरुद्वारे पहुंच रहे हैं। इन रोटियों को लंगर में शामिल किया जा रहा है। इस पहल के पीछे सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना उद्देश्य है। गुरु नानक देव ने भी अपने उपदेशों में सेवा, समानता और मिल-बांटकर खाने का संदेश दिया था। इसी भावना को आत्मसात करते हुए संगत इस आयोजन में अपनी भागीदारी निभा रही है।
वहीं, बिरला नगर में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर बुधवार को धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहां गुरुवाणी शब्द कीर्तन होगा, जिसमें संगत गुरु की महिमा का गुणगान करेगी। इसके बाद गुरु का लंगर बर्तेगा। प्रकाश पर्व को लेकर शहर के गुरुद्वारों में उत्साह का माहौल है और सिख समाज के लोग सेवा, सिमरन और संगत के माध्यम से गुरु नानक देव के संदेशों को आत्मसात कर रहे हैं।
