धार/बदनावर। धार जिले के कानवन थाना क्षेत्र स्थित बिडवाल में सोमवार रात करीब 8 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बिलकेश्वर महादेव मंदिर के सामने तेज रफ्तार पिकअप और बाइक की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में तीन नाबालिग लड़कियों समेत चार लोगों की जान चली गई। मृतक आपस में चचेरे भाई-बहन थे और एक ही बाइक पर सवार होकर अपनी बहन के घर आयोजित रात्रि जागरण में शामिल होने जा रहे थे। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
रास्ते में ही काल बनकर आई पिकअप
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्राम पांदा निवासी शुभम मेड़ा (25) अपनी चचेरी बहनों आनंदी (15), भूरी (13) और सुहानी (8) के साथ बाइक से राजोद थाना क्षेत्र के कोटेश्वर के आगे स्थित एक गांव जा रहा था। वहां उनकी बहन के घर रात्रि जागरण का कार्यक्रम था। जैसे ही वे बिडवाल में बिलकेश्वर महादेव मंदिर के पास पहुंचे, बड़वाल की ओर से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और अनियंत्रित पिकअप भी सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की मदद से चारों घायलों को तत्काल बदनावर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम प्रियंका मिमरोट भी अस्पताल पहुंचीं और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
घर का चिराग बुझा, सगी बहनों की मौत से गांव में सन्नाटा
इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्राम पांदा में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस के अनुसार, मृतकों में शामिल आनंदी और भूरी सगी बहनें थीं, जिनके परिवार में अब केवल एक छोटा भाई बचा है। वहीं, 8 वर्षीय मासूम सुहानी के परिवार में भी अब एक छोटा भाई है। बाइक चला रहा 25 वर्षीय शुभम पढ़ाई कर रहा था और अविवाहित था, उसके परिवार में बड़ा भाई लखन मेड़ा है।
