कानपुर के हॉस्टल में 4 दिन तक फंदे पर लटका रहा डिलीवरी बॉय, दुर्गंध ने खोला मौत का राज

कानपुर। कानपुर के कल्याणपुर में एक बॉयज हॉस्टल के बंद कमरे में डिलीवरी बॉय का शव फंदे से लटका मिला । युवक की मौत करीब चार दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है। कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में युवक का शव फंदे से लटक रहा था। शव काफी पुराना होने के कारण कमरे में तेज दुर्गंध फैल रही थी।

मृतक की पहचान बरेली जिले के अलीगंज निवासी केशव वर्मा ( 30) पुत्र गोपाल वर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कानपुर में डिलीवरी बॉय का काम करता था और कल्याणपुर स्थित बॉयज हॉस्टल में रहता था।

हॉस्टल के अन्य छात्रों ने बताया कि 19 तारीख को उन्होंने इस युवक को देखा था उसके बाद से युवक दिखाई नहीं दे रहा था युवक ने कई दिन पहले ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, लेकिन कमरे का दरवाजा बंद होने के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Next Post

अखिलेश यादव का फेसबुक पेज सस्पेंड, करीब 90 लाख फॉलोअर्स थे

Mon Nov 23 , 2026
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का फेसबुक पेज सस्पेंड होने की खबर सामने आई है। उनके फेसबुक पेज पर करीब 90 लाख फॉलोअर्स थे। पेज बंद होने की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई […]

You May Like