नयी दिल्ली, 22 नवम्बर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में वीरांगना रानी झलकारी बाई की जयंती के अवसर पर रविवार को दिल्ली भाजपा अनुसूचित मोर्चा की ओर से श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा के प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद कमलजीत सहरावत, पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष लाजपत राय और अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने रानी झलकारी बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर श्री मल्होत्रा ने कहा कि रानी झलकारी बाई भारतीय नारी शक्ति और स्वाभिमान की प्रतीक थीं। वर्ष 1857 की क्रांति में उन्होंने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की महिला सेना ‘दुर्गा दल’ की सेनापति के रूप में अंग्रेजों से लोहा लेकर देशभक्ति का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। एक साधारण परिवार में जन्म लेकर भी उन्होंने अपने पराक्रम से इतिहास रच दिया। उन्होंने कहा, “रानी झलकारी बाई का जीवन हमें सिखाता है कि जाति और परिस्थिति बड़ी नहीं होती, संकल्प बड़ा होता है। आज उनकी जयंती पर हम संकल्प लेते हैं कि उनके आदर्शों पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सम्मान पहुंचाएंगे। दिल्ली भाजपा उनके बलिदान को शत-शत नमन करती है।”
श्री सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि रानी झलकारी बाई दलित समाज की गौरव और वीरता की अमर गाथा हैं। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने अपने प्राणों की परवाह न करते हुए मातृभूमि की रक्षा की। उन्होंने यह सिद्ध किया कि देशभक्ति किसी वर्ग, जाति या लिंग की मोहताज नहीं होती। झलकारी बाई का साहस आज भी हर युवा और नारी को प्रेरणा देता है। भारतीय जनता पार्टी बाबा साहेब और रानी झलकारी बाई के दिखाए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक समरसता और सबका साथ-सबका विकास के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। इस अवसर पर विधायक श्री अभय वर्मा और श्री गजेन्द्र यादव, प्रदेश पदाधिकारी विजय सोलंकी, श्री सुमीत भसीन, श्री अमित गुप्ता, मोर्चा पदाधिकारी श्रीमती लीला सिंह, श्री रूपेश मेरा और श्री विक्की कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

