भोपाल।अग्नि सुरक्षा जागरूकता के लिए फायर सेफ्टी सप्ताह का आयोजन जिले की समस्त शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में किया गया. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय भोपाल के अधिकारियों और कर्मचारियों को फायर सेफ्टी पर हैंड्सऑन ट्रेनिंग दी गई। जिसमें आग से बचाव के तरीकों, इलेक्ट्रिकल फायर सेफ्टी, आकस्मिक स्थितियों में निकासी के तरीकों पर जानकारी दी गई। ग्रीष्मकाल में तापमान के बढऩे तथा एयर कंडीशनर , कूलर इत्यादि उपकरणों के अधिक उपयोग के कारण विद्युत प्रणाली पर अत्यधिक भार पड़ता है। इस कारण से अग्नि दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है । स्वास्थ्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के प्रावधानों की निगरानी के संबंध में तैयारियों को लेकर फायर सेफ्टी सप्ताह के दौरान उच्च विद्युत भार वाले चिकित्सकीय एवं अन्य उपकरणों के रखरखाव, गहन चिकित्सा इकाई , नवजात शिशु देखभाल इकाई , ऑपरेशन थिएटर आदि ऑक्सीजन समृद्ध वातावरण में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा मानकों के पालन, फायर रिस्पांस प्लान्स की उपलब्धता, ज्वलनशील सामग्रियों का उचित संधारण एवं निपटान की परख की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि अग्नि से सुरक्षा के प्रावधानों को सुनिश्चित करने के लिए सभी अस्पतालों के कर्मचारी एवं चिकित्सकों को इसकी मानक प्रक्रियाओं के संबंध में उन्मुखीकरण करवाया जा रहा है। सभी अस्पतालों को नगर निगम एवं जिले के विद्युत सुरक्षा अधिकारी से समन्वय कर फायर सेफ्टी को सुनिश्चित करवाया जा रहा है।
अस्पतालों में आग से बचने के इंतजामों की हो रही परख
