कुत्ते के काटने पर तांत्रिक से झाड़ फूंक कराने के चक्कर में युवक की मौत  

रीवा, जिले के सेमरिया से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक कुत्ते के काटने के बाद परिजन युवक को अस्पताल ले जाने के बजाय तांत्रिक के पास ले गए. तांत्रिक ने झाड़ू फेरकर ठीक होने का दावा किया, लेकिन 10 दिन बाद युवक की हालत ऐसी बिगड़ी कि वह कुत्ते की तरह भौंकते-भौंकते मौत की नींद सो गया.

दरअसल यह पूरा मामला रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रहत का है. यहाँ रहने वाले 27 वर्षीय युवक बृजेश केवट को करीब 10 दिन पहले एक कुत्ते ने काट लिया था. कुत्ते के काटने के बाद मेडिकल नियमों के मुताबिक बृजेश को तुरंत अस्पताल ले जाकर एंटी-रेबीज का इंजेक्शन लगवाना बेहद ज़रूरी था. लेकिन परिजनों ने डॉक्टर की जगह अंधविश्वास का रास्ता चुना. वे बृजेश को अस्पताल ले जाने के बजाय वीरखाम गांव में एक तांत्रिक के पास ले गए. बताया जा रहा है कि तांत्रिक ने महज 10 मिनट में झाड़ू फेरकर झाड़-फूंक की और यह दावा कर दिया कि अब सब कुछ ठीक है. तांत्रिक के इस झांसे में आकर परिजन बृजेश को वापस घर ले आए और उसे रेबीज का एक भी इंजेक्शन नहीं लगवाया.

शुरुआती 10 दिनों तक बृजेश बिल्कुल सामान्य रहा, जिससे परिवार वाले भी निश्चिंत हो गए कि तांत्रिक के इलाज से वह ठीक हो गया है. लेकिन 10 दिन बीतने के बाद अचानक बृजेश की तबीयत बिगडऩे लगी और उसके शरीर में रेबीज का जहर पूरी तरह फैल गया. वह अजीब हरकतें करने लगा और कुत्ते की तरह भौंकने लगा.

बृजेश की यह भयावह हालत देखकर परिजनों के होश उड़ गए. हैरानी की बात यह है कि तब भी परिजन पहले उसी तांत्रिक के पास भागे, लेकिन जब तांत्रिक के हाथ खड़े हो गए और स्थिति हाथ से निकल गई, तब जाकर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुँचे. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उपचार के दौरान बृजेश ने दम तोड़ दिया.

Next Post

ग्वालियर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, ऊर्जा मंत्री ने बच्चों को पिलाई दवा

Sun Nov 22 , 2026
ग्वालियर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सिविल अस्पताल हजीरा और बिरला नगर में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। जिले में 22 नवंबर को चलाए जा रहे इस अभियान के लिए कुल 2 हजार 355 बूथ बनाए गए हैं। इनके जरिए जन्म से […]

You May Like