मध्यप्रदेश में बाल कुपोषण की स्थिति बिगड़ी : पटवारी

विशेष संवाददाता भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में मातृ स्वास्थ्य और बाल कुपोषण की बिगड़ती स्थिति को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जमीनी स्तर पर पोषण और स्वास्थ्य की स्थिति सुधारने के बजाय सरकारी दावों और पोर्टल की रेटिंग को बेहतर दिखाने में जुटी है।

पटवारी ने सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में बौनेपन (स्टंटिंग) से प्रभावित बच्चों का प्रतिशत अक्टूबर 2025 में 36.64 था, जो अक्टूबर 2026 में बढ़कर 40.72 प्रतिशत हो गया। इसी तरह कम वजन वाले बच्चों का प्रतिशत 23.25 से बढ़कर 23.30 प्रतिशत हो गया। हालांकि, वेस्टिंग यानी दुबलापन की दर 8.45 से घटकर 6.96 प्रतिशत दर्ज की गई है।

उन्होंने शिवपुरी, अशोकनगर और जबलपुर के आंकड़ों पर चिंता जताते हुए कहा कि शिवपुरी में बच्चों में बौनेपन की दर 49 से बढ़कर 55 प्रतिशत, अशोकनगर में 47 से 51 प्रतिशत और जबलपुर में 39 से 44 प्रतिशत हो गई है।

पटवारी ने गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की गंभीर स्थिति का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि अशोकनगर में पंजीकृत 5,117 से अधिक गर्भवती महिलाओं में लगभग 33 प्रतिशत एनीमिया से पीड़ित हैं और उन्हें हाई रिस्क श्रेणी में रखा गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पात्र महिलाओं और बच्चों को टेक होम राशन नियमित रूप से नहीं मिल रहा है और कुछ क्षेत्रों में दो से तीन महीने में केवल एक बार वितरण किया जा रहा है।

पटवारी ने मातृ स्वास्थ्य एवं पोषण योजनाओं का जिला स्तर पर स्वतंत्र ऑडिट, राशन वितरण का सोशल ऑडिट तथा खरीदी से लेकर हितग्राहियों तक पहुंचने वाले खर्च का सार्वजनिक ब्यौरा जारी करने की मांग की। उन्होंने अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों पर कार्रवाई करने तथा पोषण योजनाओं पर भारी बजट खर्च होने के बावजूद स्थिति बिगड़ने का जवाब देने की मांग भी की।

 

 

 

Next Post

प्रांतस्तरीय 19वां निशुल्क ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं बेटी सम्मान समारोह 25 को

Sun Nov 22 , 2026
ग्वालियर। सकल ब्राह्मण महासमिति के तत्वावधान में 25 दिसंबर को मध्यप्रदेश प्रांतीय स्तरीय 19वां निशुल्क ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं प्रतिभाशाली बेटियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन जीवायएमसी क्लब, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स भवन के सामने किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा […]

You May Like