ग्वालियर। सकल ब्राह्मण महासमिति के तत्वावधान में 25 दिसंबर को मध्यप्रदेश प्रांतीय स्तरीय 19वां निशुल्क ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं प्रतिभाशाली बेटियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन जीवायएमसी क्लब, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स भवन के सामने किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनकी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सकल ब्राह्मण महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। डॉ. भारद्वाज ने बताया कि सम्मेलन में सनाढ्य, भार्गव, कान्यकुब्ज, आदि गौड़, महाराष्ट्रीयन, भूमिहार, जिझौतिया, पंजाबी, गुजराती, बरुआ, मैथिल, ब्रह्मभट्ट सहित विभिन्न ब्राह्मण समाजों के विवाह योग्य युवक-युवतियों को परिचय का अवसर मिलेगा। बेहतर समन्वय और रिश्तों की सुविधा के लिए 11 सेक्टर बनाए गए हैं। इन सेक्टरों में अध्यक्ष एवं प्रभारी विवाह योग्य युवक-युवतियों के रिश्ते तय कराने में सहयोग करेंगे। सम्मेलन स्थल पर जन्मपत्रिका का मिलान भी निशुल्क किया जाएगा।
70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाली बेटियों का होगा सम्मान
डॉ. भारद्वाज ने बताया कि समाज की अविवाहित प्रतिभाशाली बेटियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली बेटियों का विशेष सम्मान किया जाएगा। उन्हें भगवान श्री परशुराम जी का चित्र, अंगवस्त्र, श्रीफल, स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र भेंट किया जाएगा।इसके लिए इच्छुक बेटियां अपनी अंकसूची के साथ 4 दिसंबर तक निशुल्क प्रविष्टियां जमा कर सकती हैं। आवेदन ब्राह्मण रिश्ता केंद्र, भारद्वाज मेंशन, दौलतगंज में शाम 5 से 7 बजे तक देवेंद्र कुमार पाठक के पास जमा किए जा सकेंगे।
