सीहोर। नपा द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं. इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 7, 8 एवं 11 में लगभग 47 लाख रुपए से अधिक लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ.
इस मौके पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि बारिश से पहले शहर में सभी जर्जर सड़कों का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा जल भराव की समस्या को दूर करने के लिए नालियों का निर्माण किया जा रहा है.
वार्ड क्रमांक 7 में आंतरिक गलियों के विकास कार्यों के साथ लगभग 24 लाख रुपए लागत की सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया. वहीं वार्ड क्रमांक 8 में इंग्लिशपुरा मस्जिद से लेकर नाले तक 9 लाख 32 हजार रुपए लागत की नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया. इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 11 में अंबेडकर पार्क के पीछे बाउंड्री वॉल, टीन शेड एवं पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया. लगभग 13 लाख 68 हजार रुपए लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्र की सुंदरता बढऩे के साथ नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नपा शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कर रही है. कार्यक्रम में नपा उपाध्यक्ष विपिन सास्ता, पार्षद प्रतिनिधि विजेंद्र परमार, दिनेश कुशवाहा, लोकेन्द्र वर्मा, राजेश माझी, कमलेश राठौर सहित क्षेत्रवासी उपस्थित थे.
