
जबलपुर। सिहोरा थाना अंतर्गत इमलहापुरा वार्ड क्रमांक-9 में शनिवार दोपहर घर के चूल्हे से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आने से महिला की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। संकरी गलियों और झूलती बिजली की केबलों के कारण दमकल वाहन भी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सका। हालांकि बाद में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन जब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमलहापुरा निवासी प्रभु कोल मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता हैं। शनिवार दोपहर भोजन करने के बाद वे काम पर निकल गया था। घर में उनकी पत्नी पूजा कोल (45) अकेली थीं। बताया जाता है कि चूल्हे पर काम निपटाने के बाद पूजा को नींद आ गई और वे कमरे में ही सो गईं। दोपहर करीब 3:30 बजे चूल्हे की सुलगती चिंगारी पास रखे कपड़ों तक जा पहुंची। कपड़ों में आग लगते ही लपटों ने पूरे कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। पूरा घर धुएं के गुबार और आग की लपटों से घिर गया। गहरी नींद और घने धुएं के कारण पूजा को संभलने या बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला और कमरे के भीतर ही उनकी मौत हो गई। घर से उठता काला धुआं और लपटें देख मोहल्ले के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कोई अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके के लिए रवाना हुई, मगर घनी बस्ती, संकरे रास्ते और गलियों में नीचे लटक रहे बिजली के तारों ने दमकल का रास्ता रोक दिया। हालांकि बाद में जैसे तैसे दमकल पहुंची । करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मर्ग कायम किया है। पंचनामा कार्रवाई के पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे वार्ड में शोक की लहर है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
