प्रतिष्ठित तानसेन संगीत समारोह 14 से, तैयारियाँ शुरू

ग्वालियर। संगीतधानी ग्वालियर के आंगन में देश और दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित संगीत महोत्सव “तानसेन समारोह” के तहत लय, सुर व ताल की सभाएँ सजने की बेला आ गई है। तानसेन समारोह का 102वाँ आयोजन पूरी गरिमा व भव्यता के साथ आयोजित करने के उद्देश्य से शनिवार को संभाग आयुक्त मनोज खत्री की अध्यक्षता में स्थानीय समिति की बैठक आयोजित हुई। इस सुरोत्सव को भव्य, गरिमामय और यादगार बनाने के लिये बैठक में गहन विचार मंथन हुआ। साथ ही सदस्यों ने रचनात्मक सुझाव भी दिए।

ब्रम्हनाद का शीर्षस्थ महोत्सव “तानसेन समारोह” संगीत की नगरी ग्वालियर में इस साल 14 से 19 दिसम्बर तक आयोजित होगा। यह सालाना समारोह भारतीय संगीत की अनादि परंपरा के श्रेष्ठ कला मनीषी संगीत सम्राट तानसेन को श्रद्धांजलि व स्वरांजलि देने के लिये पिछले 101 साल से आयोजित हो रहा है। इस साल समारोह का 102वाँ वर्ष है। संभाग आयुक्त खत्री ने समिति के सदस्यों को भरोसा दिलाया कि बैठक में आए अच्छे सुझावों पर ध्यान रखकर तानसेन समारोह के कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में अधिकाधिक संगीत रसिक पहुँचें। इसके लिये समारोह का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए। बैठक में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर, राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की कुलगुरू श्रीमती स्मिता सहस्त्रबुद्धे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी मौजूद थे।

बैठक में संभाग आयुक्त मनोज खत्री ने मौजूद उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से लें और यथासंभव इन सुझावों पर अमल करें। उन्होंने कहा कि सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में भी समारोह की सभा से संबंधित सभी व्यवस्थायें गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। तानसेन संगीत समारोह की मुख्य सभाओं से एक दिन पहले यानि 14 दिसम्बर की सांध्यबेला में मंगलाचरण स्वरूप हजीरा स्थित इंटक मैदान में उप शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम गमक का आयोजन होगा। गमक सभा में देश की सुविख्यात पार्श्व गायिका सुश्री साधना सरगम की प्रस्तुति होगी।

इस साल के तानसेन संगीत समारोह के मुख्य आयोजन से पहले पूर्वरंग की श्रृंखला में 10 संगीत सभायें सजेंगीं। तानसेन समारोह का औपचारिक आगाज 15 दिसम्बर को होगा। इस दिन सुबह 10 बजे हजीरा स्थित सुर सम्राट तानसेन की समाधि पर शहनाई वादन, ढोलीबुआ महाराज की हरिकथा एवं मीलाद वाचन से समारोह का पारंपरिक शुभारंभ होगा। सायंकाल समारोह की मुख्य सभाओं के लिए बनाए गए भव्य मंच पर औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही इस अवसर पर “राष्ट्रीय तानसेन सम्मान” एवं “राष्ट्रीय राजा मानसिंह सम्मान” समारोह भी प्रस्तावित है। हर साल की तरह वादी-संवादी कार्यक्रम भी होंगे। चित्रकला पर केन्द्रित कार्यक्रम व प्रदर्शनी लगाने के लिये भी आयोजन से जुड़े अधिकारियों से कहा गया है।

*मुख्य समारोह में 10 संगीत सभाएँ होंगीं, बेहट और गूजरी महल में भी गूँजेंगे सुर*

तानसेन संगीत समारोह में इस साल 10 संगीत सभाएं होंगी। पहली सभा 15 दिसंबर को सायंकाल तानसेन समाधि परिसर में बनाए गए भव्य मंच पर सजेगी। इसके बाद हर दिन यहीं पर प्रातः एवं सायंकालीन सभाएं होंगी। समारोह के आखिरी दिन यानि 19 दिसंबर को प्रातःकालीन सभा संगीत शिरोमणि तानसेन की जन्मस्थली बेहट में और इस साल के समारोह की अंतिम संगीत सभा सायंकाल गूजरी महल परिसर में सजेगी।

Next Post

ढेकहा की नाली का मामला पहुंचा हाईकोर्ट

Sat Nov 21 , 2026
रीवा,  शहर के वार्ड क्रमांक 05 स्थित ढेकहा के बंकुइयां मोड़ में निर्माणाधीन नाली की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की अनदेखी का मामला अब मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर पहुंच गया है. याचिकाकर्ता अनिल द्विवेदी द्वारा प्रस्तुत रिट याचिका क्रमांक डब्ल्यूपी-45521/2026 पर 20 नवंबर 2026 को मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश वाई. कोग्जे […]

You May Like

मनोरंजन