
ग्वालियर। उपनगर के न्यू रेशम मिल प्रगति नगर क्षेत्र में आवारा सांडों का आतंक चरम पर पहुंच गया है। दिन हो या रात, सांडों के झुंड गलियों और सड़कों पर घूमते रहते हैं। इससे क्षेत्रवासियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। राहगीरों के साथ ही स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को भी सांड खदेड़ लेते हैं। डर के कारण अभिभावक अब बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं।
कुछ दिन पहले सांडों ने घर के बाहर खड़ी क्रेटा कार पर चढ़कर तांडव मचा दिया। सांडों की आपसी लड़ाई और उछल-कूद से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार मालिक को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इसके अलावा सांड बाहर खड़ी अन्य गाड़ियों को भी सींग मारकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। दोपहिया वाहनों को गिरा देना और दुकानों के सामने रखे सामान को बिखेर देना अब रोज की घटना बन गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सांडों के आतंक से सुबह-शाम टहलना, दूध-सब्जी लेने जाना और बच्चों का खेलना तक बंद हो गया है। बुजुर्ग और महिलाएं तो घर से मंदिर जाने में भी डर महसूस करती हैं। कई बार सांडों के कारण सड़क पर रास्ता बंद हो जाता है और वाहन चालकों को बचकर निकलना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों ने कई बार नगर निगम के आला अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। निगम की टीम कभी-कभार आती है और बिना सांड पकड़े लौट जाती है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सांडों को नहीं पकड़ा गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
