
नई दिल्ली। यूपी बीजेपी ने विधानसभा चुनाव को लेकर 25 से अधिक बिंदुओं पर रणनीति बनाई है। इस रणनीति में बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक संगठन को मजबूत करने की तैयारी है।
सूत्रों ने बताया कि हर विधानसभा के मंडलों में जातीय समीकरण और प्रमुख नेताओं का डेटा जुटाया जाएगा।
हर विधानसभा क्षेत्र के 100 सक्रिय महिलाओं और प्रभावशाली लोगों की सूची तैयार होगी।
प्रत्येक मंडल से 25 और हर बूथ से 5 सक्रिय एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की पहचान होगी।
बीजेपी के नाराज नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ दूसरे दलों के असंतुष्ट कार्यकर्ताओं पर भी नजर रहेगी।
ग्राम प्रधानों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों का नेटवर्क तैयार होगा।
मठों, मंदिरों, गुरुद्वारों, NGOs, खिलाड़ियों, गायकों और प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची बनाई जाएगी।
ठेकेदारों, व्यापारियों, किसानों, उद्योगपतियों और सहकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों तक पहुंच बनाने की योजना है।
महिला, युवा, अनुसूचित और पिछड़ा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय किया जाएगा।
हर बूथ पर 11 मोटरसाइकिल सवार कार्यकर्ताओं की टीम बनाने और सप्ताह में एक बार बाइक यात्रा निकालने की तैयारी है।
प्रत्येक बूथ पर पांच स्थानों पर कमल का चुनाव चिह्न बनवाने की भी योजना है।
लाभार्थियों के घर जाकर चाय-पानी के जरिए संपर्क और संवाद बढ़ाने पर जोर रहेगा।
दलित और अनुसूचित जाति वर्ग में नए सदस्य बनाने तथा सामाजिक संपर्क बढ़ाने की रणनीति बनाई गई है।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सूची तैयार की जाएगी।
बूथ मैनेजमेंट, जातीय समीकरण, सामाजिक संपर्क और सोशल मीडिया नेटवर्क के जरिए 2027 में जीत का रास्ता मजबूत करने की तैयारी में यूपी बीजेपी।
