गांव की महिलाओं ने समूह से कर्ज लेकर खड़ा कर दिया पेट्रोल पंप

श्योपुर/विजयपुर। कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली ग्रामीण महिलाओं ने स्व-सहायता समूह से मिले महज छह लाख रुपये के ऋण के सहारे पेट्रोल पंप खड़ा कर अपनी कामयाबी की नई इबारत लिख दी है। गांवों में महिलाओं की यह बदलती तस्वीर ग्रामीण आत्मनिर्भरता की एक बड़ी मिसाल बनकर सामने आ रही है।
जिला पंचायत सीईओ कार्तिकेय जायसवाल ने विजयपुर विकासखंड के ग्राम दोर्द, सुनवई, खितरपाल, मढ़ा और गोपालपुर सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान डीपीएम एनआरएलएम सोहनकृष्ण मुदगल भी मौजूद रहे। इस भ्रमण का सबसे खास आकर्षण ग्राम सुनवई में जय हनुमान स्व-सहायता समूह की सदस्य रामलता रावत द्वारा संचालित पेट्रोल पंप रहा।

रामलता ने बताया कि पेट्रोल पंप स्थापित करने के लिए उन्होंने स्व-सहायता समूह के माध्यम से छह लाख रुपये का ऋण लिया था। समूह के आर्थिक सहयोग ने उनके सपने को कारोबार में बदलने का रास्ता खोल दिया। आज उनका पेट्रोल पंप ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता का प्रेरक उदाहरण बन गया है। यह साबित करता है कि सही अवसर और आर्थिक सहयोग मिले तो ग्रामीण महिलाएं भी बड़े व्यवसाय खड़े करने का दम रखती हैं। ग्राम दोर्द में बालाजी स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित आटा चक्की और ऑयल मिल का सीईओ ने निरीक्षण किया।

यहां दुलारी रावत आटा चक्की और अनीता रावत ऑयल मिल का संचालन कर रही हैं। इसके अलावा भूरी जाटव आटा चक्की, सुरक्षा जाटव भैंस पालन, कलावती मनिहारी दुकान और शीला किराना दुकान के माध्यम से अपनी आजीविका चला रही हैं। सीईओ ने महिलाओं से चर्चा कर यह जाना कि उन्होंने समूह के माध्यम से कितना ऋण प्राप्त किया और उस राशि से किस तरह अपने रोजगार की शुरुआत की। महिलाओं के प्रयासों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने आजीविका के नए अवसर विकसित करने पर जोर दिया।
ग्राम खितरपाल में ग्राम संगठन की अध्यक्ष रेशमा रावत और सचिव ममता कुशवाह ने समूह की महिलाओं द्वारा संचालित किराना स्टोर, आटा चक्की, बैंकिंग सेवाओं और गौशाला की गतिविधियों की जानकारी दी। विजयपुर के गांवों में महिलाओं की यह मेहनत सिर्फ परिवार की आमदनी बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत दे रही है। रामलता का पेट्रोल पंप हो या दुलारी और अनीता की आटा चक्की व ऑयल मिल—ये कहानियां बता रही हैं कि अब गांव की महिलाएं सिर्फ रोजगार तलाश नहीं रहीं, बल्कि दूसरों के लिए रोजगार और प्रेरणा का रास्ता भी तैयार कर रही हैं।

Next Post

पेरू में 6.7 तीव्रता का भूकंप, इक्वाडोर के क्विटो तक महसूस हुए झटके

Sat Nov 21 , 2026
पेरू, मध्य पेरू में 6.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र जूनिन से करीब 30 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। झटके इक्वाडोर के क्विटो तक महसूस किए गए। शुक्रवार 20 नवंबर की शाम मध्य पेरू के जुनिन क्षेत्र में 6.7 (USGS के अनुसार 6.9) तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके झटके […]

You May Like