इंफाल/चंदेल, (वार्ता) मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई है और 200 से अधिक लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि यह शराब काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी गई थी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चंदेल में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने या निर्माण करने की कोई जानकारी नहीं है। चिकित्सकों के अनुसार, यह मामला मेथनॉल विषाक्तता का प्रतीत हो रहा है।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इंफाल पश्चिम स्थित शिजा हॉस्पिटल्स एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट और इंफाल पूर्व स्थित बबीना अस्पताल का दौरा कर मिलावटी शराब पीने से बीमार हुए मरीजों का हालचाल जाना। ये मौतें पिछले 48 घंटों के दौरान हुई हैं। सभी मरीजों को राज्य की राजधानी लाया गया है, जहां विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में उनका उपचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन से बातचीत कर मरीजों को दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए श्री सिंह ने कहा कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को दोषियों की पहचान करने के लिए जांच करने का निर्देश दिया और कहा कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थिति से निपटने के लिए विशेषज्ञों सहित एक चिकित्सा दल और आवश्यक दवाएं चंदेल जिले में भेजी गई हैं। शिजा अस्पताल में 140 से अधिक और बबीना अस्पताल में 60 से ज्यादा मरीजों का इलाज चल रहा है। चार मरीज गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं और क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भी और मरीजों के लाए जाने की संभावना है। सभी पीड़ित चंदेल जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। दौरे के समय मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी मौजूद थे।
चंदेल के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने उपायुक्त को सौंपी गई रिपोर्ट में बताया कि पीड़ित चकपिकरोंग पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नुंगपान, खंबाथेल, डांगखू, जुलबांगचिंग और काननहकू गांवों के निवासी हैं। पुलिस ने दोहराया कि शराब काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी गई थी।
चंदेल के उपायुक्त ने एक सार्वजनिक स्वास्थ्य परामर्श जारी कर कहा है कि मौतों के सटीक कारणों का पता चिकित्सकीय और वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शराब और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने में मदद करने के लिए सामुदायिक नेताओं और नागरिक समाज संगठनों से भी अपील की है।
