नयी दिल्ली 20 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भारत के प्रति नफरत और पाकिस्तान से प्रेम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह विदेशों में वह ऐसे लोगों और ताकतों से मिलते हैं, जो भारत की बजाय पाकिस्तान की सकारात्मक छवि पेश करते हैं, लेकिन अब उन्हीं के पार्टी नेता उन्हें आईना दिखाने लगे हैं।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में विदेशी दौरे पर भारतीय अर्थव्यवस्था के बारे दिये गये बयान को लेकर श्री गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस समय श्री गांधी विदेश दौरे पर हैं और वहां हर दूसरे दिन भारत, भारतीय लोकतंत्र और भारतीय अर्थव्यवस्था के खिलाफ कोई न कोई बयान दे रहे हैं। इतना ही नहीं, वह विदेशों में भारत विरोधी ताकतों से भी मुलाकात कर रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब श्री गांधी भारतीय अर्थव्यवस्था को बदहाल बता रहे हैं, देश के लोकतंत्र पर सवाल उठा रहे हैं और उनकी पार्टी के नेता भारत में वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं, आज उनकी ही पार्टी के एक नेता ने श्री गांधी के भारत विरोधी, भारतीय लोकतंत्र विरोधी और भारतीय अर्थव्यवस्था विरोधी एजेंडे को उजागर कर दिया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज कांग्रेस के नेता एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने श्री गांधी को आईना दिखाते हुए कहा कि भारत वर्ष 2047 तक 30 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा और एक विकसित राष्ट्र होगा। दूसरे शब्दों में कहें तो कांग्रेस के अपने नेताओं का मानना है कि भारत में कोई आर्थिक बदहाली नहीं है, बल्कि देश 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
श्री भंडारी ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के प्रति आकर्षण रखने वाले श्री गांधी इस सच्चाई को नहीं देख पा रहे हैं, जिसे पूरी दुनिया देख रही है और अब श्री रेड्डी भी देख रहे हैं। आज उन्होंने श्री गांधी के झूठ को उजागर कर दिया है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि श्री गांधी अपने ही देश के प्रति नफरत में इस कदर डूबे हुए हैं कि उन्हें देश की जनता, भारतीय अर्थव्यवस्था और भारतीय लोकतंत्र से नफरत है। पाकिस्तान के प्रति उनका प्रेम इतना अधिक है कि उन्हें यह सच्चाई दिखाई नहीं देती। आखिर उन्हें यह सच्चाई कैसे दिखाई दे सकती है? विदेशों में वह ऐसे लोगों और ताकतों से मिलते हैं, जो भारत के बजाय पाकिस्तान की सकारात्मक छवि पेश करते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज वह पाकिस्तान के पक्ष में एजेंडा चला रहे हैं। वह पाकिस्तान को अपना आदर्श मानते हैं, जबकि पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था कर्ज के बोझ तले दबी हुई है और आज दुनिया की सबसे पिछड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। राहुल गांधी अपनी मुलाकातों में पाकिस्तान को आदर्श बताते हैं, जबकि पूरी दुनिया भारतीय अर्थव्यवस्था को आदर्श मान रही है। उन्होंने कहा, “आज हम देख रहे हैं कि कांग्रेस खुद श्री गांधी को बेनकाब कर रही है। वह पाकिस्तान के प्रति उनके प्रेम, भारतीय अर्थव्यवस्था को बदहाल बताने वाले उनके दावों और भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ उनके एजेंडे को उजागर कर रही है।”
श्री भंडारी ने सवाल किया कि ऐसी स्थिति में जब श्री गांधी विदेश में हैं और कांग्रेस के एक मौजूदा मुख्यमंत्री ने उनके झूठ को उजागर कर दिया है, तो क्या वह देश से माफी नहीं मांगनी चाहिए? उन्होंने कहा कि लेकिन श्री गांधी माफी नहीं मांगेंगे। वह माफी नहीं मांगेंगे, क्योंकि उनके आदर्श इमरान मसूद हैं। वह माफी नहीं मांगेंगे, क्योंकि उनके आदर्श वह पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था है, जो पूरी तरह कर्ज और उधार के सहारे चल रही है। वह माफी नहीं मांगेंगे, क्योंकि उनके आदर्श आतंकवादी देश पाकिस्तान में हैं। वह माफी नहीं मांगेंगे, क्योंकि कांग्रेस के शासनकाल में भारत दुनिया की ‘फ्रैजाइल फाइव’ यानी कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था। वह माफी नहीं मांगेंगे, क्योंकि कांग्रेस के शासनकाल में भारत और पाकिस्तान की विकास दर की तुलना की जाती थी। वह माफी नहीं मांगेंगे, क्योंकि श्री गांधी भारतीय अर्थव्यवस्था, देश की बढ़ती प्रगति, भारतीय लोकतंत्र और देश की आंतरिक सुरक्षा से नफरत करते हैं। इसीलिए देश की जनता और भारत के युवाओं को इस बात पर ध्यान देने की जरूरत है।
