
खंडवा। वर्ष 2013 के आसपास का एक पुराना वीडियो एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। चुनाव नजदीक आते ही इस वीडियो को वायरल किए जाने को लेकर पूर्व विधायक ठाकुर राजनारायण सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि पिछले कुछ दिनों से 10-12 साल पुराने वीडियो को बार-बार वायरल किया जा रहा है और उसे तोड़-मरोडक़र तथा वास्तविक संदर्भ से हटकर प्रस्तुत किया जाता है।ठाकुर राजनारायण सिंह ने स्पष्ट किया कि उस समय आम जनता और कार्यकर्ताओं की भावना थी कि पार्टी द्वारा योग्य, जनप्रिय और उचित उम्मीदवार को ही चुनाव में टिकट दिया जाए। इसी विषय को लेकर आदरणीय जयवर्धन सिंह के साथ एक हास्यपूर्ण एवं सहज वार्तालाप हुआ था, जिसे अब गलत ढंग से पेश किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पुराने वीडियो को लेकर किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले उसकी वास्तविक पृष्ठभूमि और उस समय की परिस्थितियों को समझें तथा भ्रामक प्रचार का हिस्सा न बनें।
