
इंदौर. गांधीनगर थाना क्षेत्र की गोधा एस्टेट टाउनशिप में हुई फायरिंग के मामले में अब तक लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कोई ठोस कनेक्शन सामने नहीं आया है. हालांकि, टाउनशिप से जुड़े एक कारोबारी को पहले गैंग के नाम से धमकी मिलने की बात सामने आई थी. ऐसे में पुलिस इस धमकी और फायरिंग की घटना के बीच किसी संबंध की भी जांच कर रही है.
मामले की जांच क्राइम ब्रांच की विशेष जांच टीम (एसआईटी) कर रही है. एडिशनल डीसीपी क्राइम की निगरानी में टीम सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. पूर्व में कारोबारी को आए धमकी भरे फोन में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था, लेकिन उस समय भी गैंग से संबंध की पुष्टि नहीं हुई थी. पुलिस कॉलेज विद्यार्थियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद के साथ ही टाउनशिप के रहवासियों से जुड़े विवाद के पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है. फिलहाल जांच में किसी भी एंगल पर ठोस सबूत नहीं मिले हैं. पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि फायरिंग मामले में एसआईटी जांच कर रही है. अब तक लॉरेंस गैंग का कोई ठोस कनेक्शन सामने नहीं आया है. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
