जबलपुर: पाटन थाना अंतर्गत वार्ड नंबर 02 चौधरी मोहल्ला में पुरानी जमीन और रास्ते में ठेला खड़ा करने के विवाद पर ढाबा संचालक पर पिता-पुत्र ने हमला कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार श्यामसुंदर यादव, वार्ड नंबर 02 में रहते हैं और पाटन-तेंदूखेड़ा रोड पर ढाबा चलाते हैं, उनके दादा ने कुछ वर्ष पूर्व अपनी जमीन का एक हिस्सा लक्ष्मी गौंड और गोविंद प्रजापति को बेचा था। वर्तमान में गोविंद प्रजापति द्वारा आने-जाने वाली गली में ठेला खड़ा करने को लेकर पड़ोसियों से विवाद चल रहा था।
इसी विवाद को सुलझाने के लिए विशाल गौंड ने श्यामसुंदर को मध्यस्थता करने के लिए बुलाया था। बीती रात करीब 9:30 बजे जब श्यामसुंदर यादव अपने दोस्त विशाल के घर पहुंचे और गोविंद प्रजापति को गली में ठेला न खड़ा करने की समझाइश दी, तो विवाद बढ़ गया। गोविंद प्रजापति ने श्यामसुंदर के साथ विवाद शुरू कर दिया। इसी बीच गोविंद का बेटा सुदामा प्रजापति घर के अंदर से धारदार हथियार लेकर निकला और श्यामसुंदर के दाहिने हाथ पर दे मारा। हमले के दौरान गोविंद प्रजापति ने भी पीडि़त के साथ मारपीट की।
