मध्य प्रदेश के सीधी जिले के मझौली विकासखंड में स्थित परसिली रिसॉर्ट अब देशी ही नहीं, विदेशी पर्यटकों के बीच भी अपनी खास पहचान बना रहा है। बनास नदी के किनारे बसे इस रिसॉर्ट की खूबसूरती, चारों तरफ फैले घने जंगल और सफेद रेतीले तट पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। यहां आने वाले सैलानी नदी की सफेद रेत पर नंगे पैर घूमने, जंगल सफारी और पक्षियों को देखने का आनंद लेते हैं।
वर्ष 1984 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह के कार्यकाल में इस परिसर का निर्माण कराया गया था। इसकी मुख्य इमारत को देश के प्रसिद्ध आर्किटेक्ट चार्ल्स कोरिया ने डिजाइन किया था। वर्ष 2014-15 में मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संभाली।
संजय राष्ट्रीय उद्यान एवं टाइगर रिजर्व के शुरुआती बिंदु पर स्थित होने के कारण यह रिसॉर्ट वन्यजीव प्रेमियों के लिए भी खास आकर्षण है। रिसॉर्ट प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी के मुताबिक, यहां हर महीने औसतन 400 से 500 पर्यटक पहुंचते हैं। इनमें पश्चिम बंगाल के कोलकाता से आने वाले पर्यटकों की संख्या सबसे अधिक है। हर साल करीब डेढ़ से दो दर्जन विदेशी पर्यटक भी यहां आते हैं।
परसिली रिसॉर्ट अब सीधी जिले में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ ही विंध्य की प्राकृतिक सुंदरता को देश-दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
