मोदी, नवीन शाह और राजनाथ ने योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर जताया शोक

नयी दिल्ली, 20 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा अन्य दलों के प्रमुखों सहित विभिन्न नेताओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
श्री मोदी ने फोन पर योगी आदित्यनाथ से बात की और उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। वहीं श्री शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने शोक संदेश में कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां को खोने का दुख जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी कभी भरपाई नहीं हो सकती। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और पूरे शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

श्री सिंह ने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी जी के निधन का समाचार सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का स्नेह और उनका सहारा छिन जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।”
श्री नवीन ने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूजनीय माता के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मां की स्नेहभरी उपस्थिति जीवन में बहुत बड़ा संबल होती है। उनके निधन से होने वाले दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और योगी आदित्यनाथ जी तथा शोक संतप्त परिवार के सभी सदस्यों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति! ”
योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार, उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं।

.....

Next Post

एयर इंडिया ने सऊदी अरब की उड़ानों का निलंबन बढ़ाया

Fri Nov 20 , 2026
नयी दिल्ली, 20 नवंबर (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और उसकी सहायक इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब को जाने वाली और वहां से आने वाली उड़ानों की निलंबन की अवधि बढ़ा दी है। एयर इंडिया समूह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है […]

You May Like