विश्व हिन्दू परिषद ने दिल्ली पुलिस से की मानव तस्करी के संभावित नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की मांग

नयी दिल्ली, 20 नवंबर (वार्ता) विश्व हिन्दू परिषद ने झारखंड से नौकरी दिलाने का झांसा देकर दिल्ली लाई गयी एक नाबालिग बच्ची से जुड़े मामले पर चिंता व्यक्त की है और दिल्ली पुलिस तथा संबंधित जांच एजेंसियों से मांग की है कि वह मानव तस्करी तथा धर्मांतरण के किसी भी संभावित संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए त्वरित कार्रवाई करे।
विहिप की प्रांतीय इकाई की ओर से शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्राप्त जानकारी के अनुसार, शबनम खातून नामक महिला कथित रूप से झारखंड के अपने पड़ोसी गांव से एक नाबालिग बच्ची को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दिल्ली लेकर आई थी। बताया गया है कि इस संबंध में झारखंड में अपहरण का मामला पहले से दर्ज है। महिला लगभग एक सप्ताह पूर्व बच्ची के साथ दिल्ली के मोलड़बंद क्षेत्र में किराये पर रहने आई थी। दिल्ली पहुंचने के बाद महिला ने बच्ची को अपने ही पड़ोस में एक घर में झाड़ू-पोंछा का घरेलू काम दिलवा दिया था।
इसी दौरान दो दिन पूर्व कुछ युवक वहां पहुंचे। उनकी गतिविधियों को देखकर बच्ची को संदेह हुआ कि कहीं उसे नौकरी के नाम पर बेचने की साजिश तो नहीं की जा रही है। बच्ची ने अपनी आशंका पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति को बताई, जहां वह घरेलू काम करने जाती थी। पड़ोसी ने बच्ची की बात को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निकटवर्ती मंदिर के पुजारी लक्ष्मण जी महाराज को इसकी सूचना दी। पुजारी जी ने बिना देर किए विश्व हिन्दू परिषद और बजरंगदल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया।
विहिप के अनुसार इसके बाद विहिप-बजरंगदल के कार्यकर्ता सत्संग प्रमुख मदन जी के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे। झारखंड में बच्ची के परिवार से बातचीत तथा उपलब्ध आधार कार्ड और अन्य जानकारियों की पुष्टि करने के बाद कार्यकर्ताओं ने तत्काल पुलिस को सूचित किया और बदरपुर थाने को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। फिलहाल नाबालिग बच्ची बदरपुर थाने में है।
विहिप ने कहा कि नौकरी का झांसा देकर नाबालिग बच्चियों को दूसरे राज्यों से दिल्ली लाना और उन्हें संदिग्ध परिस्थितियों में रखना अत्यंत गंभीर विषय है। यह केवल एक बच्ची की सुरक्षा का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे किसी बड़े मानव तस्करी नेटवर्क की संलिप्तता की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में किसी संगठित गिरोह, जबरन धर्मांतरण अथवा अन्य प्रकार के दबाव और शोषण की भूमिका की आशंका है जिसकी गहन जांच होनी चाहिए। जिहाद के नाम पर मानव तस्करी अथवा धर्मांतरण जैसी आपराधिक गतिविधियों में किसी की संलिप्तता के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।
विश्व हिन्दू परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज न किया जाए। बच्ची की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और जांच के माध्यम से पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि नाबालिग बच्चियों को नौकरी का झांसा देकर दूसरे राज्यों से लाने, उनका शोषण करने और मानव तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

.....

Next Post

वार्ड क्रमांक 30 में विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

Fri Nov 20 , 2026
सतना। महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने वार्ड क्रमांक 30 स्थित बसंत विहार कॉलोनी में लगभग 51 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इनमें 30 लाख रुपये की लागत से सी.सी. सड़क तथा 21 लाख रुपये की लागत से डब्लू बी एम रोड, […]

You May Like