दो लाख का कर्ज न देना पड़े, कर डाले तीन कत्ल

बुधनी। नगर के कोरी मोहल्ले में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने 36 घंटे में सुलझा ली है. जिस घर में पति-पत्नी और उनका जवान बेटा खून से लथपथ मिले थे, उस परिवार को उजाडऩे की वजह महज दो लाख रुपए का कर्ज निकली. पुलिस के मुताबिक उधारी की रकम ब्याज सहित लौटाने और फसल में हिस्सा देने से बचने के लिए कर्जदार ने अपने साथी के साथ मिलकर पूरे परिवार की हत्या की खौफनाक साजिश रची. मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है.

गौरतलब है कि बुधवार की सुबह कोरी मोहल्ला में रहने वाले पड़ोसियों को राकेश मीणा के घर से बकरियों के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी. पड़ोसियों ने घर के अंदर जाकर देखा तो गैलरी में खून फैला हुआ था. अंदर कमरे में राकेश मीणा, पत्नी राधा मीणा और बेटे अश्विन के शव पड़े थे. तीनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे. हेमराज ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. घटना से पूरे नगर में सनसनी फैल गई थी.

गौरतलब है कि मूलत: राजगढ़ जिले के जीरापुर निवासी राकेश मीना लगभग 15 साल पहले अपनी पत्नी और बेटे के साथ बुधनी आकर बस गए थे. इस दौरान वह बाजार और साप्ताहिक हाटों में जूते-चप्पल बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. करीब एक माह पहले रेलवे ओवरब्रिज पर उनके ऑटो की कार से टक्कर हो गई थी. दुर्घटना में राकेश का पैर फ्रैक्चर हुआ था, जबकि पत्नी और बेटे को भी चोटें आई थीं. तब से राकेश मीना घर पर ही रहते थे.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीमें गठित की गई. घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञ, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड ने साक्ष्य जुटाए. थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर महज 36 घंटे में मामले का खुलासा कर दिया.

पुलिस ने 40 वर्षीय जगदीश पिता अकलसिंह बारेला निवासी ग्राम यारनगर तथा 20 वर्षीय अनिल पिता अमनसिंह भिलाला निवासी ग्राम खांडाबड़ थाना बुधनी को गिरफ्तार किया है.

इस कार्रवाई में एसडीओपी रवि शर्मा, थाना प्रभारी सुनील ठाकुर, उपनिरीक्षक संदीप जाट, राजेश मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक अशोक कुमार कटारिया सहित पुलिसकर्मियों और साइबर सेल के सुशील साल्वे एवं शैलेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

बातचीत करने के बहाने खुलवाया था दरवाजा

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी जगदीश बारेला ने मृतक राकेश मीणा से करीब दो लाख रुपए उधार लिए थे. रकम ब्याज सहित लौटानी थी. साथ ही कर्ज चुकाने तक फसल में से हिस्सा देने की बात भी थी. इसी आर्थिक विवाद से छुटकारा पाने के लिए जगदीश ने अपने साथी अनिल भिलाला के साथ मिलकर राकेश और उसके परिवार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच दोनों आरोपी राकेश के घर पहुंचे और बातचीत करने के बहाने दरवाजा खुलवाया. इसके बाद साथ लाई कुल्हाड़ी से राकेश, उसकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने और साक्ष्य छिपाने की कोशिश भी की. पुलिस के अनुसार मृतक का मोबाइल फोन टॉयलेट में डालकर पानी बहा दिया गया था. हालांकि पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है.

 

 

Next Post

डीआरएम ने परखीं रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाएं

Fri Nov 20 , 2026
सीहोर। पश्चिम रेलवे के डीआरएम अश्वनी कुमार गुरुवार दोपहर अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सीहोर रेलवे स्टेशन पहुंचे. उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज, शेल्टर होम और साइकिल स्टैंड का निरीक्षण किया। साथ ही रेलवे कर्मचारियों […]

You May Like