जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर गत दिवस खाद्य सामग्री के स्टॉल में लगी आग के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जिसमें सुरक्षा, वाणिज्य, विद्युत और आरपीएफ विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। समिति को चार दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में आग लगने के वास्तविक कारणों के साथ ही स्टेशन पर मौजूद अग्नि सुरक्षा इंतजामों और आपात स्थिति में राहत-बचाव की व्यवस्था की भी पड़ताल की जाएगी। इस घटना ने रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर सुरक्षा तैयारियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आग की लपटें किसी यात्री ट्रेन तक पहुंच जातीं तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।
तीन दिन से हो रही थी ट्रिपिंग
प्लेटफॉर्म नंबर-1 के कटनी छोर पर पार्सल गेट के पास स्थित बहुउद्देशीय खाद्य स्टॉल में बुधवार शाम करीब चार बजे अचानक आग लग गई थी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। स्टेशन सूत्रों के अनुसार स्टॉल की बिजली में पिछले तीन दिनों से ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही थी। बार-बार बिजली बंद होने के बावजूद इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया। बताया जा रहा है कि स्टॉल को 20 नवंबर से शुरू किया जाना था और इसके संचालन का ठेका अनूपपुर के ठेकेदार को दिया गया था। स्टॉल में पहले से ही फ्रिज, डीप फ्रीजर और बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री रखी हुई थी। ऐसे में बिजली की लाइन में आई खराबी आग की वजह बनी या कोई अन्य तकनीकी कारण था, इसकी जांच की जा रही है।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने में देरी, लेकिन अफसरों का इंकार
घटना के बाद फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि दमकल वाहन स्टेशन के बाहर पार्किंग क्षेत्र में फंस गया था और उसे घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। ऐसे में सवाल यह है कि रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान पर दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए अलग, सुरक्षित और निर्बाध रास्ता क्यों नहीं होना चाहिए? आपात स्थिति में राहत-बचाव दल को बिना किसी बाधा के घटनास्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था जरूरी है। हालांकि रेलवे अधिकारियों का दावा है कि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंची थी और उसके आने का रास्ता खुला था।
ट्रेन में पानी भरने वाली पाइप से बुझाई आग
आग पर काबू पाने के प्रयासों के दौरान रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेनों में पानी भरने के लिए इस्तेमाल होने वाली पाइप के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास किया। इस घटनाक्रम ने स्टेशन पर उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों और उनकी त्वरित उपलब्धता को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। रेलवे के पास आग बुझाने के निर्धारित संसाधन होने के बावजूद क्या वे पर्याप्त संख्या में और सही स्थानों पर उपलब्ध हैं, इसकी समीक्षा जरूरी है।
पार्सल के बड़े पैकेट हटाकर बचाया सामान
आग जिस स्थान पर लगी, उसके आसपास पार्सल बुकिंग से संबंधित सामान भी रखा हुआ था। यदि आग का फैलाव कुछ और बढ़ जाता तो पार्सल का सामान भी इसकी चपेट में आ सकता था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने पास में रखे बड़े पार्सल पैकेटों को समय रहते वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
चार दिन बाद सामने आएगी लापरवाही की तस्वीर
जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण और जिम्मेदारी तय हो सकेगी। लेकिन घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या रेलवे स्टेशन पर मौजूद सभी स्टॉलों की बिजली व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की नियमित जांच होती है? यदि तीन दिन से बिजली ट्रिपिंग की समस्या थी तो समय रहते उसे ठीक क्यों नहीं कराया गया? क्या स्टॉल संचालकों और ठेकेदारों को अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी तय है? इन सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट में सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल रेलवे प्रशासन के सामने चुनौती केवल इस घटना की वजह पता लगाने की नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाने की भी है, जिससे भविष्य में स्टेशन पर आग जैसी घटना किसी बड़े हादसे में तब्दील न हो।
इनका कहना है
अग्निकांड के जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया है। चार से पांच दिनों के भीतर रिपोर्ट पेश की जाएगी। फायर ब्रिगेड स्टेशन पर बिल्कुल समय पर पहुंची थी।
शशांक गुप्ता, सीनियर डीसीएम, पमरे
