कटनी: कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथ गंज वार्ड (घंटाघर) में अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान अधिवक्ता के साथ कथित विवाद, गाली-गलौज और मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।एफआईआर के विवरण के अनुसार, रघुनाथ गंज वार्ड घंटाघर निवासी 73 वर्षीय अधिवक्ता अशोक कुमार जैन (पिता स्व. कोमल चन्द जैन) ने पुलिस अधीक्षक कटनी के समक्ष लिखित शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया था। शिकायत में बताया गया है कि 18 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे वे घर से न्यायालय जाने के लिए निकले थे, तभी रास्ते में अजरुद्दीन उर्फ अज्जू की दुकान में पूर्व में दिए गए नोटिस और जवाब को अस्वीकार करते हुए दुकान सील करने की कार्रवाई की जा रही थी।
आरोप है कि अधिवक्ता द्वारा दुकान सील करने से संबंधित आदेश की प्रति मांगे जाने पर अतिक्रमण प्रभारी द्वारा कथित तौर पर शराब पीने को लेकर टिप्पणी की गई, जिसका अधिवक्ता ने विरोध करते हुए स्वयं को जैन होना और शराब को हाथ न लगाने की बात कही। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद अतिक्रमण प्रभारी ने साथ लाए लोगों को अधिवक्ता पर हमला करने का निर्देश दिया, जिससे वे लिपट गए और जान से मारने की कोशिश की गई। बीच-बचाव के लिए मोहल्ले के लोग पहुंचे, जिससे अधिवक्ता की जान बच सकी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के बाद वे कोतवाली थाने पहुंचे, जहां थाना प्रभारी के न होने की बात कहकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, जिसके बाद वे न्यायालयीन कार्य से जिला न्यायालय गए और वहां से फुर्सत मिलने के बाद एसपी कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त शिकायत आवेदन के आधार पर कोतवाली पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को रात 11:06 बजे (प्रथम सूचना क्रमांक 1330/2026) अतिक्रमण विभाग के मानवेन्द्र सिंह एवं अन्य के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(b), 351(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक (SI) कुलदीप सिंह गोंड को सौंपी गई है
