इंदौर:स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है. आरटीओ और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने महू-पीथमपुर क्षेत्र में 60 से अधिक स्कूली वाहनों, उपनगरीय बसों और अन्य वाहनों की जांच की. इस दौरान बिना परमिट संचालित दो स्कूल बसों सहित कुल तीन वाहन जब्त किए गए. वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले छह वाहनों पर 40 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया गया.
जांच अभियान के दौरान टीम ने वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की. इसके साथ ही वाहनों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा इंतजामों का भी निरीक्षण किया गया. स्कूल बसों में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति जांची गई. स्पीड गवर्नर निर्धारित मानकों के अनुसार काम कर रहे हैं या नहीं, इसका भी परीक्षण किया गया.
कार्रवाई के दौरान टीम ने स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों से भी फीडबैक लिया. उनसे पूछा गया कि वाहन चालक तेज गति से वाहन तो नहीं चलाते और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल तो नहीं करते. जांच में छह वाहनों में अलग-अलग कमियां मिलने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई. इनमें दो बिना परमिट संचालित स्कूल बसें भी शामिल थीं, जिन्हें जब्त किया गया. विभाग ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
स्कूल संचालकों को चेतावनी
परिवहन विभाग ने जिले के सभी स्कूल और शैक्षणिक संस्थानों के संचालकों के साथ लोक परिवहन वाहन संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वैध दस्तावेज और निर्धारित फिटनेस मानकों के बिना वाहनों का संचालन नहीं करें. सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा. विभाग ने चेतावनी दी है कि स्कूली वाहनों की आकस्मिक जांच आगे भी जारी रहेगी और अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी
