जबलपुर । एक लाख रुपये की कथित रिश्वत नहीं देने पर गांजे के झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाते हुए सिवनी जिले के घंसौर पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है।याचिकाकर्ता घंसौर निवासी आदित्य उर्फ अज्जू उर्फ अजय यादव ने थाना प्रभारी लक्ष्मण झारिया और एसडीओपी रीना पांडे सहित संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता प्रमोद सिंह तोमर व महबूब अली ने अवगत कराया कि 29 अक्टूबर को रिश्वत की मांग पूरी नहीं होने पर युवक को घर के पास से जबरन उठाकर थाने ले जाया गया।
इसके बाद 1 किलो 206 ग्राम गांजे की कथित बरामदगी दर्शाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर दिया गया। याचिका में दावा किया गया कि युवक को घर के पास से ले जाने की घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड है। पुलिसकर्मियों पर स्वजनों को फुटेज डिलीट करने का दबाव बनाने व एसडीओपी पर सीएम हेल्पलाइन की शिकायत वापस लेने के लिए दबाव डालने का आरोप भी लगाया गया है। याचिकाकर्ता की पत्नी ने 17 नवंबर को एसपी सिवनी को शिकायत देकर इलेक्ट्रानिक साक्ष्य सौंपे थे। हाईकोर्ट से मामले की जांच घंसौर थाने से हटाकर स्वतंत्र एजेंसी अथवा जिले से बाहर के वरिष्ठ अधिकारी को सौंपने, सीडीआर व मोबाइल लोकेशन सुरक्षित रखने व दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। याचिकाकर्ता का दावा है कि आरोपों की सत्यता जांच के बाद स्थापित हो जाएगी।
सिवनी होटल मामले का भी जिक्र-
याचिकाकर्ता के वकीलों के अनुसार पिछले दिनों सिवनी के एक होटल में बालिग युवक-युवती को पकड़कर गांजा रखकर फंसाने की धमकी का वायरल वीडियो चर्चा में है। जिसके बाद संबंधित अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इससे साफ है कि पुलिस का रवैया जनसेवा व देशभक्ति के स्थान पर इस तरह मनमानी करने का हो गया है। इस स्थिति पर विराम आवश्यक है।
