
उज्जैन। अखिल भारतीय कालिदास समारोह शुरू होने से पहले मां गढक़ालिका के दरबार में 1100 बटुकों ने एक साथ एक स्वर में गुरुवार की सुबह वागर्चन कार्यक्रम में श्यामलादंडकम का पाठ किया। इस सामूहिक मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो गया।
मंदिर के बाहर विशाल वटवृक्ष की छांव में मंच से नौ देवियों पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। इसमें मां काली के स्वरूप में नृत्यांगना की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं और दर्शकों को रोमांचित कर दिया। 21 नवंबर से कालिदास समारोह शुरू होने जा रहा है। इसके पहले यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। पहली बार मंदिर के बाहर खुले आसमान के नीचे नौ देवियों पर केंद्रित नृत्य नाटिका में शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के स्वरूपों को नृत्य के माध्यम से जीवंत किया गया। आम श्रद्धालुओं ने भी इस आयोजन का आनंद लिया।
आज महाआरती में 56 भोग, 1100 पौधे बंटेंगे
प्रसिद्ध गढक़ालिका मंदिर में आज शुक्रवार को देव उठनी ग्यारस के अवसर पर धार्मिक उत्सव होगा। मंदिर की शासकीय पुजारी महंत करिश्मा नाथ ने बताया कि इस खास अवसर पर मां गढक़ालिका का सुबह अभिषेक-पूजन कर विशेष शृंगार किया जाएगा।दोपहर 12 बजे ढोल-नगाड़ों से महाआरती की जाएगी व आरती संपन्न होने के पश्चात प्रसाद के साथ श्रद्धालुओं को 1100 तुलसी के पौधे निशुल्क वितरित किए जाएंगे। पुजारी महंत करिश्मा नाथ ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में इस उत्सव में भाग लेकर महाआरती में शामिल होकर तुलसी के पौधे लेने का अनुरोध किया है।
0
