
रीवा, नगर निगम द्वारा संपत्तिकर के बड़े बकायादारों के विरुद्ध नगर निगम की अधिहरण/कुर्की की कार्रवाई जारी है. नोटिस के बावजूद बकायादार राशि जमा करने आगे नही आ रहे है. अब तालाबंदी की कार्यवाही शुरू हुई है.
बुधवार को जोन क्रमांक 03 के वार्ड क्रमांक 13 एवं 15 में राजस्व विभाग की टीम ने बकायादार बृजेन्द्र सिंह की व्यावसायिक संपत्ति पर तालाबंदी की कार्रवाई की. उन पर 89,287 रुपए का संपत्तिकर बकाया था, जो बार-बार सूचना के बाद भी जमा नहीं किया गया. टीम के पहुंचते ही पांच अन्य बड़े बकायादारों ने मौके पर ही चेक और नकद के माध्यम से कुल 3,43,264 रुपए नगर निगम कोष में जमा कराए. इनमें रामरती वर्मा ने 1,20,000 रुपए, आशा त्रिपाठी ने 80,257 रुपए, राजू पटेल ने 63,007 रुपए, वीरेन्द्र उपाध्याय ने 50,000 रुपए और शीतला पटेल ने 30,000 रुपए जमा किए. नगर निगम के अनुसार इन करदाताओं को पहले कई बार बकाया संपत्तिकर जमा करने की सूचना दी गई थी. तय समय में राशि जमा न होने पर मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 173 एवं 174 के तहत नोटिस और अंतिम सूचना पत्र भी जारी किए गए. इसके बाद भी भुगतान न करने वालों के विरुद्ध अब नियमानुसार अधिहरण/ कुर्की की कार्रवाई की जा रही है.
