नई दिल्ली। दिल्ली के तिलक नगर स्थित शाकुरा श्री गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का मामला सामने आने के बाद सिख समुदाय में नाराजगी है। 15 नवंबर को हुई इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने गुरुद्वारा प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सौरभ भारद्वाज के अनुसार, घटना के बाद संगत की ओर से गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी पर मामले को दबाने की कोशिश करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। CCTV फुटेज डिलीट करने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि घटना के सबूतों से छेड़छाड़ हुई है या पुलिस को समय पर सूचना नहीं दी गई, तो इसकी भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
*प्रबंधन के खिलाफ संगत ने किया प्रदर्शन*
इस मामले को लेकर 17 नवंबर को तिलक नगर में सिख समुदाय और संगत के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
*दिल्ली में सख्त कानून बनाने की मांग*
AAP नेता ने बताया कि तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह ने इस मामले में दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात का समय मांगा है। साथ ही पंजाब की तर्ज पर दिल्ली में भी बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में दिल्ली विधानसभा में कानून लाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का मामला बेहद संवेदनशील है। इसलिए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
