लंदन, 17 नवंबर (वार्ता) ब्रिटिश अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन को अगले ‘जेम्स बॉन्ड’ के किरदार को निभाने वाले कलाकार के रूप में चुन लिया गया है।
आधिकारिक बॉन्ड फिल्म सीरीज की इस 26वीं फिल्म का निर्माण कार्य 2027 में शुरू होने की उम्मीद है, जबकि इसे 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। हालांकि, अभी तक इसकी सटीक तारीखों की घोषणा नहीं की गई है।बीबीसी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
लंदन में जन्मे ब्रिटिश अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन (40) ने वर्ष 2005 में सुपरहिट फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द गॉबलेट ऑफ फायर’ में सेड्रिक डिगरी के किरदार से फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाई और इसके बाद ‘द ट्वाइलाइट सागा’ सीरीज में एडवर्ड कुलेन की भूमिका निभाकर रातोंरात अंतरराष्ट्रीय स्टार बन गए।
आधिकारिक बॉन्ड सीरीज की इस 26वीं फिल्म सह-कलाकारों के नामों की अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने फिलहाल केवल मुख्य भूमिका यानी ‘जेम्स बॉन्ड’ के लिए ही रॉबर्ट पैटिनसन के नाम पर मुहर लगाई है। इस फिल्म का निर्देशन विख्यात निर्देशक डेनिस विलेन्यूव करेंगे और इसकी पटकथा स्टीवन नाइट लिख रहे हैं।
जेम्स बॉन्ड के किरदार को अब तक केवल छह अभिनेताओं ने ही निभाया है। इसकी शुरुआत शॉन कॉनरी से हुई थी, जिन्होंने 1962 से 1971 के बीच छह आधिकारिक बॉन्ड फिल्मों में काम किया। इसके बाद जॉर्ज लेजेनबी 1969 की फिल्म ‘ऑन हर मेजेस्टीज सीक्रेट सर्विस’ में केवल एक बार बॉन्ड बने, जिसके बाद 1971 की ‘डायमंड्स आर फॉरएवर’ के लिए कॉनरी ने मुख्य भूमिका में वापसी की।
अन्य अभिनेताओं में रोजर मूर ने 1973 से 1985 के बीच सबसे ज्यादा सात बॉन्ड फिल्मों में अभिनय किया। टिमोथी डाल्टन 1987 और 1989 में दो फिल्मों में नजर आए, जबकि पियर्स ब्रॉसनन ने 1995 से 2002 के बीच चार बॉन्ड फिल्मों में काम किया। इसके बाद डैनियल क्रेग ने 2006 से 2021 के बीच पांच फिल्मों में इस किरदार को निभाया। इस सीरीज की पिछली प्रमुख फिल्मों में ‘डाई अनदर डे’ (2002), ‘कसीनो रॉयल’ (2006), ‘क्वांटम ऑफ सोलेस’ (2008), ‘स्काईफॉल’ (2012), ‘स्पेक्टर’ (2015) और ‘नो टाइम टू डाई’ (2021) शामिल हैं।
जेम्स बॉन्ड फिल्मों का भारत से भी एक खास और यादगार नाता रहा है। वर्ष 1983 में रिलीज हुई रोजर मूर अभिनीत फिल्म ‘ऑक्टोपसी’ में दिग्गज भारतीय अभिनेता कबीर बेदी ने मुख्य खलनायक के वफादार और ताकतवर सहयोगी ‘गोबिंदा’ की यादगार भूमिका निभाई थी। इस फिल्म की शूटिंग राजस्थान के उदयपुर में हुई थी और इसमें मशहूर पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज ने भी भारतीय खुफिया सहयोगी ‘विजय’ के रूप में अभिनय किया था। कबीर बेदी आधिकारिक तौर पर किसी जेम्स बॉन्ड फिल्म में काम करने वाले पहले भारतीय अभिनेता बने थे।

