
रतलाम/नामली। जिले के नामली थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बांगरोद और जड़वासा के बीच जंगल में एक विदेशी युवक संदिग्ध अवस्था में मिला। घने अंधेरे में पेड़ के नीचे अकेले बैठे युवक को देख ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे बांगरोद रेलवे स्टेशन से लगभग आधा किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में एक विदेशी युवक दिखाई दिया। सुनसान इलाके में उसकी मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप शर्मा टीम के साथ पहुंचे और युवक को सुरक्षित नामली थाने ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार युवक की उम्र करीब 42 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुद को ऑस्ट्रेलिया का निवासी बताया, लेकिन वह अपना नाम स्पष्ट रूप से नहीं बता सका। उसके पास से वीजा और दिल्ली का रेल टिकट मिला है, जिससे उसके विदेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई है। थाने में भी युवक का व्यवहार असामान्य रहा। वह लगातार ‘राधे-राधे’ का जाप करता रहा और अपने ट्रॉली बैग को लेकर अत्यधिक सतर्क दिखाई दिया। उसने किसी को भी बैग छूने नहीं दिया। उसके इस व्यवहार से पुलिस को आशंका है कि वह मानसिक तनाव में हो सकता है या किसी धार्मिक यात्रा पर निकला हो। पुलिस का कहना है कि युवक मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा था। दस्तावेजों की जांच के बाद उसे रेलवे स्टेशन तक छोड़ दिया गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
