शिक्षक से 42 लाख की साइबर ठगी: ओडिशा से छठा आरोपी गिरफ्तार

राजगढ़। जिले के खिलचीपुर में शेयर मार्केट में निवेश से मुनाफे का झांसा देकर एक शिक्षक से करीब 42 लाख रुपए ठग लिए गए. मामले की जांच करते हुए पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ जिले से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया ह. आरोपी के बैंक खाते में ठगी के 1 लाख 31 हजार रुपए पहुंचे थे, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है. इस मामले में अब तक छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं.
व्हाट्सऐप पर भेजे निवेश के मैसेज

खिलचीपुर थाना प्रभारी कमल सिंह गेहलोत ने मंगलवार को बताया कि मामला पिछले साल नवंबर-दिसंबर का है. हालाहेड़ी निवासी रामप्रसाद दांगी शिक्षक हैं. उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए शेयर मार्केट में निवेश करने के मैसेज आए थे.आरोपियों ने अलग-अलग योजनाओं में पैसा लगाने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया. उनकी बातों में आकर शिक्षक ने अलग-अलग किस्तों में करीब 42 लाख रुपए 17 बैंक खातों में जमा कर दिए. बाद में उन्हें पता चला कि निवेश की पूरी प्रक्रिया फर्जी थी और उनके साथ साइबर ठगी हुई है.
ओडिशा से गिरफ्तार आरोपी के खाते में मिले 1.31 लाख
पुलिस ने ठगी की रकम जिन बैंक खातों में पहुंची, उनकी जांच की. इसी दौरान ओडिशा के बरगढ़ जिले के रहने वाले विनोद महाकौर पिता गोपाल महाकौर की भूमिका सामने आई. पुलिस टीम ने उसे ओडिशा से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर राजगढ़ लाया.

आरोपी के बैंक खाते में शिक्षक से ठगी गई रकम में से 1 लाख 31 हजार रुपए जमा हुए थे. पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया.

थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गुजरात, राजस्थान के उदयपुर और बिहार के पटना में भी कार्रवाई की है. अब तक करीब 30 लाख रुपए वापस हासिल किए जा चुके हैं. करीब 12 लाख रुपए की रिकवरी बाकी है. यह रकम पांच से छह अन्य बैंक खातों में पहुंची थी. इन खातों से जुड़े आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम दिल्ली में भी जांच कर रही है. पुलिस बाकी रकम वापस हासिल करने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है

.....

Next Post

उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे में प्रियंका की होगी महत्वपूर्ण भूमिका

Tue Nov 17 , 2026
नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी(सपा) के बीच सीटों के बंटवारे में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और इस संबंध में उनकी सहमति से ही सारे फैसले लिए जाएंगे। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम […]

You May Like