नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) देश में कुल बागवानी उत्पादन बढ़कर 3869.15 लाख टन होने की उम्मीद है। यह वर्ष 2024-25 के 3707.38 लाख टन के मुकाबले 161.77 लाख टन यानी 4.36 प्रतिशत अधिक है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बागवानी क्षेत्र में यह अभूतपूर्व उत्पादन देश के अन्नदाताओं की अथक मेहनत और सरकार की किसान-हितैषी नीतियों का सुफल है।
श्री चौहान ने वर्ष 2025-26 के लिए बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन के तीसरे अग्रिम अनुमान मंगलवार को जारी करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अन्य सरकारी एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर जारी इन आंकड़ों की सबसे खास बात यह है कि कम क्षेत्रफल में भी रिकॉर्ड पैदावार दर्ज की जा रही है। वर्ष 2025-26 में बागवानी फसलों का कुल क्षेत्रफल लगभग 297.21 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जबकि 2024-25 में यह 301.36 लाख हेक्टेयर था। इसके बावजूद फलों, सब्जियों, फूलों, रोपण फसलों, सुगंधित एवं औषधीय पौधों की पैदावार में बढ़ोतरी का अनुमान आया है।
