ग्वालियर: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला ग्वालियर डॉ. एम एस सागर ने बताया कि इन दिनों राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में सिविल अस्पताल बिरला नगर में राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह का शुभारंभ किया गया, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नवजात शिशु की देखभाल व शिशु मृत्यु दर में गिरावट लाना है।
कार्यक्रम में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.आमिर खान ने उपस्थित गर्भवती, धात्री महिलाओं व उनके परिजनों को नवजात शिशु की देखभाल क्यों जरूरी है किन – किन सावधानियों का ध्यान रखना है मां का प्रथम दूध पीला गाड़ा दूध क्यों जरूरी है विस्तार से बताया। वहीं डीसीएम एम.एस.ख़ान ने नवजात शिशु को कन्गारु केयर के माध्यम से कैसे गर्म रखा जाये विस्तार से चर्चा की, वहीं जिला मीडिया अधिकारी आई.पी.निवारिया ने बताया कि नवजात के जन्म दिवस के पूर्व गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार देना आवश्यक है ताकि प्रसव के समय गर्भवती एवं बच्चा स्वस्थ रहे उसके बाद मां से बच्चे को पर्याप्त दूध मिले।
इस हेतु धात्री महिला को पोष्टिक आहार की आवश्यकता होती है इस हेतु परिवार जनों को गर्भवती महिलाओं एवं धात्री महिलाओं को पौष्टिक आहार दिया जाना चाहिए तभी बच्चा स्वस्थ रहेगा।जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.राम कुमार ने राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह क्यों मनाया जाता है और क्यों आवश्यक है, के बारे में विस्तार से बताया साथ ही जन्म के समय से ही बच्चों का टीकाकरण क्यों आवश्यक है इस पर विस्तार से चर्चा की, वहीं डॉक्टर आदर्श वर्मा शिशु रोग विशेषज्ञ ने भी नवजात शिशु के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी दी एवं उपस्थित प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। सिविल अस्पताल बिरला नगर के प्रभारी अधिकारी डॉ.टिंकू वर्मा ने आभार व्यक्त किया।
