
रीवा शहर के जेपी मोड़ के समीप आज एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। भाई के साथ बाइक पर सवार होकर चिरहुला मंदिर दर्शन करने जा रही एक महिला को तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर जा गिरी और डंपर का भारी-भरकम पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।
इस दर्दनाक हादसे में महिला के कमर के नीचे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए हैं और उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल महिला अपने मायके अमरैया आई हुई थी। आज वह अपने भाई शिवेंद्र सेन के साथ बाइक पर बैठकर प्रसिद्ध चिरहुला नाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए घर से निकली थी।
जैसे ही उनकी बाइक जेपी मोड़ के समीप पहुंची, तभी रीवा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
डंपर की ठोकर लगने से बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर पड़ी। इससे पहले कि वह संभल पाती, डंपर का पहिया उसकी कमर के ऊपर से गुजर गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में घायल महिला को लहूलुहान हालत में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है और उसकी स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही महिला के पति दिनेश सेन सहित मायके और ससुराल पक्ष के अन्य परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंच गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई है और मामले की जांच करते हुए डंपर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।
