नगर निगम का सीलिंग अभियान आज से होगा शुरू, जोन वार होगी कार्रवाई

भोपाल: शहर की रिहायशी कॉलोनियों में दुकानें, कैफे, रेस्टोरेंट, जिम और मैरिज गार्डन चलाने वालों की मुश्किलें अब बढऩे वाली हैं। लंबे समय से ठंडे बस्ते में पड़ा नगर निगम का सीलिंग अभियान आज से दोबारा जोन-जोन से शुरू करने की तैयारी है। इस बार कार्रवाई का मुख्य निशाना वे प्रतिष्ठान होंगे, जो आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत भूखंडों पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। निगम पहले ही ऐसे प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर चुका है। इसके बावजूद कारोबार जारी रखने वालों पर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।

खास बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने भी रिहायशी क्षेत्रों में नियमों के विपरीत चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, नगर निगम ने शहर में करीब 62 हजार से अधिक ऐसी संपत्तियों को चिह्नित किया है, जहां आवासीय भू-उपयोग के बावजूद व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इनमें से 8,084 से अधिक प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अगस्त में निगम ने रोहित नगर सहित कई इलाकों में कार्रवाई की थी, लेकिन बाद में अभियान की रफ्तार धीमी पड़ गई। 22 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने सीलिंग की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए और कार्रवाई में लापरवाही पर नाराजगी भी जताई। वहीं, कुछ प्रतिष्ठानों के दिन में बंद और शाम को दोबारा खुलने की शिकायतें भी अदालत तक पहुंची थीं। अब 23 नवंबर को अगली सुनवाई होनी है, इससे पहले निगम को कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करनी है।

Next Post

दिलजीत दोसांझ के कंसर्ट में मोबाइल चुराने वाले दिल्ली लखनऊ के दो आरोपी गिरफ्तार

Mon Nov 16 , 2026
इंदौर: दिलजीत दोसांझ के कंसर्ट में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को खजराना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों गोल्ड और सिल्वर पास के जरिए कार्यक्रम में दाखिल हुए थे. मौका मिलते ही लोगों के मोबाइल चोरी कर रहे थे. पुलिस ने उनके कब्जे से […]

You May Like